दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं: सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत, शादी की खुशियां रह गईं अधूरी

नवादा जिले मे रफ्तार के कहर ने एक युवक की जान ले ली। दो बाइक के आमने-सामने टक्कर में युवक की मौके पर ही मौत हो गई.....

दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं: सड़क हादसे में 20 वर्षीय
सड़क दुर्घटना में युवक की मौत- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र से त्योहार के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। दो तेज रफ्तार बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में 20 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान टाटी मीरबीघा निवासी भागीरथ तांती के 20 वर्षीय पुत्र शिशुपाल कुमार के रूप में हुई है, जो टाइल्स और मार्बल मिस्त्री का काम करता था।


काम से घर लौटने के दौरान हादसा, घायल दोस्त अस्पताल में भर्ती

मिली जानकारी के अनुसार, शिशुपाल अपने ग्रामीण दोस्त सुरेश कुमार के साथ नवाजगढ़ गांव में काम खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान एसजीबीके साहू स्कूल के समीप विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल सुरेश कुमार को इलाज के लिए वारिसलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।


घर में चल रही थीं शादी की तैयारियां, एक पल में छिना परिवार का चिराग

इस दुखद घटना ने एक परिवार की दीपावली और आगामी शादी की खुशियों को हमेशा के लिए मातम में बदल दिया। परिजनों ने बताया कि शिशुपाल की जल्द ही शादी होने वाली थी और घर में शादी की तैयारियां और खुशियों का माहौल था। दीपावली के दिन अचानक आई इस मनहूस खबर के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में सन्नाटा व शोक व्याप्त है।


आक्रोशित ग्रामीणों ने पटेल चौक पर लगाया जाम, ठप्प हुआ आवागमन

हादसे से गुस्साए ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने मुआवजे व कार्रवाई की मांग को लेकर पटेल चौक तथा वारिसलीगंज-बरबीघा मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारी प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों पर कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।


प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा, समझाने के बाद खुला जाम

घटना और सड़क जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों और परिजनों को समझा-बुझाकर तथा नियमानुसार सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन देकर काफी मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।


अमन की रिपोर्ट