Bihar News: 13 हजार छात्रों की परीक्षा, लेकिन नवादा स्टेशन पर शौचालय नहीं! एग्जाम देने आए हजारों अभ्यर्थियों ने ऐसे काटी रात
Bihar News:
Bihar News: बिहार के नवादा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मूलभूत सुविधाओं के अभाव का सामना करना पड़ रहा है। अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन के आधुनिकीकरण के बावजूद यहां शौचालय जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, जिससे बाहर से परीक्षा देने आए हजारों छात्र परेशान हैं। रविवार को बिहार के व्यवहार न्यायालयों में परिचारी पद के लिए प्रारंभिक जांच परीक्षा आयोजित की जा रही है।
21 परीक्षा केंद्र
नवादा सदर अनुमंडल के तहत कुल 21 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित की गई है। परीक्षा में शामिल होने के लिए करीब 13 हजार छात्र नवादा पहुंचे हैं। शहर में होटलों की कमी के कारण कई छात्रों को रात रेलवे स्टेशन पर ही गुजारनी पड़ी। हालांकि स्टेशन पर शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं होने से उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
3 वेटिंग रुम लेकिन शौचालय एक भी नहीं
स्टेशन पर तीन वेटिंग रूम में शौचालय बने हैं, लेकिन इनमें से एक का दरवाजा टूटा हुआ है। वहीं प्लेटफार्म पर सार्वजनिक शौचालय की कोई व्यवस्था नहीं है। प्लेटफार्म नंबर 1 और प्लेटफार्म नंबर 2 पर भी शौचालय उपलब्ध नहीं है। स्टेशन का निर्माण और उद्घाटन हो चुका है, लेकिन यात्रियों के लिए जरूरी मूलभूत सुविधाएं अभी भी नदारद हैं। इस मामले पर स्टेशन मास्टर और अन्य कर्मचारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
उधर, जिला प्रशासन ने परीक्षा को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत नवादा सदर अनुमंडल के सभी 21 परीक्षा केंद्रों के 500 गज के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई है। यह आदेश अधिकारी अमित अनुराग द्वारा जारी किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नवादा रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं की कमी लंबे समय से बनी हुई है, जिससे यात्रियों और खासकर दूर-दराज से आने वाले छात्रों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है।
नवादा से अमन की रिपोर्ट