Bihar News: नवादा में घुसा हाथियों का झुंड, दहशत में दुबके ग्रामीण, ढाई बीघा गेहूं की फसल को किया जमींदोज
Bihar News: नवादा जिले में पिछले 48 घंटों से जंगली हाथियों ने भारी उत्पात मचा रखा है। हाथियों के एक झुंड ने खेतों में घुसकर करीब ढाई बीघा गेहूं की तैयार फसल को पूरी तरह रौंद डाला है। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
Bihar News: नवादा जिले के कौआकोल प्रखंड अंतर्गत सोखोदेवरा गांव में हाथियों के झुंड ने दो दिनों से दहशत फैला रखी है। जंगली हाथियों ने करीब ढाई बीघा गेहूं की फसल रौंद दी और जयप्रकाश नरायण आश्रम की दीवार को भी नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीणों के मुताबिक, हाथियों का झुंड गुरुवार और शुक्रवार की देर रात इलाके में सक्रिय रहा।
हाथियों का आतंक
खेतों में घुसकर हाथियों ने गेहूं समेत अन्य फसलों को भारी क्षति पहुंचाई। लगातार दो रातों से हो रहे उत्पात के कारण गांव में भय का माहौल बना हुआ है और लोग रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं। हालांकि अब तक किसी व्यक्ति के घायल होने या जान-माल की बड़ी क्षति की सूचना नहीं है। फिर भी ग्रामीण संभावित खतरे को लेकर चिंतित हैं।
दहशत में ग्रामीण
इस संबंध में वन विभाग के रेंजर सौरभ सांडिल्य ने बताया कि हाथियों के दोबारा इलाके में आने की सूचना मिली है। वन विभाग की टीम सतर्क है और किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचने की कोशिश कर रही है, लेकिन हाथियों का गुस्सा कम होने का नाम नहीं ले रहा। किसान अपनी साल भर की मेहनत को बर्बाद होते देख बेबस नजर आ रहे हैं।
नवादा से अमन की रिपोर्ट