LPG Cylinder Shortage: नवादा में हाहाकार! बंद हो सकती है गैस की सप्लाई? सुबह सुबह लाइन में लगे लोग, प्रशासन का अलर्ट
LPG Cylinder Shortage: नवादा में भी एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर लोगों में बेचनी बढ़ गई है। गैस एजेंसियों के बाहर दिन भर भीड़ जमा हो रही है। स आपूर्ति प्रभावित होने की खबरों के बीच लोग गैस एजेंसियों में पहुंचकर गैस ले रहे हैं।
LPG Cylinder Shortage: बिहार सहित देशभर में एलपीजी सिलेंडर को हाहाकार मचा हुआ है। इसी बीच नवादा में भी एलपीजी सिलेंडर की मांग अचानक बढ़ गई है। दरअसल, पश्चिम एशिया में चल रहे ईरान–अमेरिका–इजरायल युद्ध के कारण वैश्विक स्तर पर गैस आपूर्ति प्रभावित होने की खबरों के बीच लोग गैस एजेंसियों पर पहुंचकर एक की जगह दो-दो सिलेंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं। इससे शहर में घबराहट का माहौल बन गया है।
नवादा में गैस के लिए हाहाकर !
गैस लेने पहुंचे कई उपभोक्ताओं ने बताया कि पहले की तुलना में अब सिलेंडर आसानी से उपलब्ध नहीं हो रहा है। हालांकि जरूरत के मुताबिक सीमित आपूर्ति अभी भी जारी है, लेकिन भविष्य में सप्लाई रुकने की आशंका से लोग पहले ही सिलेंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं। नवादा की राजश्री गैस एजेंसी के संचालक राजेश्वर प्रसाद राजश्री ने बताया कि फिलहाल शहर में गैस की बड़ी कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि युद्ध के कारण भविष्य में आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका से लोग अनावश्यक बुकिंग कर रहे हैं।
बिना ओटीपी नहीं मिल रहा सिलेंडर
कालाबाजारी और फर्जी डिलीवरी रोकने के लिए एजेंसियों पर अब ओटीपी के बिना सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है। उधर केंद्र सरकार ने स्थिति को देखते हुए आवश्यक सेवा रखरखाव अधिनियम (ESMA) लागू करते हुए रिफाइनरी कंपनियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रोपेन और ब्यूटेन जैसी गैसों को पेट्रोकेमिकल उद्योग के बजाय घरेलू गैस पूल में शामिल करने को कहा गया है।
घरेलू गैस आपूर्ति को प्राथमिकता
सरकार का मुख्य फोकस घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को प्राथमिकता देना है, ताकि आम लोगों को खाना बनाने में परेशानी न हो। इसी वजह से कई स्थानों पर कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई अस्थायी रूप से बंद या कम कर दी गई है। विशेषज्ञों के अनुसार आयात में देरी और वैश्विक बाजार में कीमतों में उछाल भी इस स्थिति के प्रमुख कारण हैं।
अफवाहों से बचने की अपील
वहीं सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों ने भी लोगों में डर का माहौल बना दिया है। कई जगहों पर गैस बुकिंग के बीच अंतराल बढ़ा दिया गया है, ताकि बार-बार रिफिल की मांग न बढ़े। हालांकि सरकारी सूत्रों का कहना है कि घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और फिलहाल किसी बड़े संकट की स्थिति नहीं है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में अनावश्यक बुकिंग न करें।
नवादा से अमन की रिपोर्ट