जदयू विधायक का नवादा सदर अस्पताल में धावा ! मरीजों और परिजनों से मिलकर बड़ा निर्देश

Nawada Sadar Hospital
Nawada Sadar Hospital - फोटो : news4nation

Bihar News : जनता दल यूनाइटेड की विधायक विभा देवी ने नवादा स्थित सदर अस्पताल का औचक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जाना। विधायक ने अस्पताल में अपना नियमित स्वास्थ्य जांच भी कराया।


अस्पताल पहुंचने पर विधायक विभा देवी ने सबसे पहले विभिन्न वार्डों में जाकर मरीजों से बातचीत की। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से उनकी स्वास्थ्य समस्याओं और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों द्वारा बताई गई समस्याओं पर उन्होंने जल्द समाधान का आश्वासन दिया।


विधायक ने अस्पताल के अधीक्षक और उप-अधीक्षक से भी मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और उनकी समस्याओं का त्वरित निवारण किया जाए।


इस दौरे के दौरान, विधायक विभा देवी ने ओपीडी में जाकर अपना नियमित स्वास्थ्य परीक्षण भी करवाया। उन्होंने स्वयं कतार में खड़े अन्य मरीजों से भी बातचीत की और अस्पताल में दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया।


विधायक ने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक दुरुस्त करने की आवश्यकता है। उन्होंने जोर दिया कि सरकार द्वारा अस्पताल में किए गए बेहतर इंतजामों का लाभ सभी मरीजों और उनके परिजनों को मिलना चाहिए और उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

अमन की रिपोर्ट