नवादा में राजस्व कर्मचारी पर जानलेवा हमला, म्यूटेशन विवाद पर घटना को दिया गया अंजाम
नवादा जिले में एक राजस्व कर्मचारी द्वारा अपूर्ण कागजात होने पर दाखिल खारिज करने से इनकार करने पर जानलेवा हमला का मामला सामने आया है। इस बावत पीड़ित की ओर से थाने में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच मे जुटी है.....
Nawada : जिले के रजौली थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जमीन के म्यूटेशन से जुड़े विवाद के चलते एक राजस्व कर्मचारी पर जानलेवा हमला किया गया। सिरदला रोड स्थित बाईपास से करीब 200 मीटर दूर घसियाडीह गांव के पास गुरुवार को पांच लोगों ने राजस्व कर्मचारी अमित कुमार को घेरकर धारदार हथियार और ईंटों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनके सिर और दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल कर्मचारी को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया।
अपूर्ण दस्तावेजों के कारण म्यूटेशन से इनकार करने पर उपजा विवाद
घायल अमित कुमार रजौली अंचल कार्यालय में पदस्थापित हैं और टकुआटांड़ तथा सवैयाटांड़ पंचायत में कार्यरत हैं। घटना के दिन दोपहर करीब 1:30 बजे अंचल कार्यालय में रिपोर्ट जमा करने के बाद वह घसियाडीह में भूमि जांच के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गोपालपुर निवासी संजय यादव के पुत्र प्रिंस कुमार ने उनसे म्यूटेशन को लेकर बातचीत की। कर्मचारी का आरोप है कि जमीन के दस्तावेज अपूर्ण होने के कारण उन्होंने म्यूटेशन करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद यह विवाद बढ़ा।
पीछा कर सुनसान इलाके में आरोपियों ने की मारपीट और दी धमकी
आरोप है कि म्यूटेशन से इनकार करने से नाराज प्रिंस कुमार ने चार अन्य लोगों के साथ तीन बाइकों पर सवार होकर उनका पीछा किया। घसियाडीह के एक सुनसान इलाके में रास्ता रोककर पांचों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और धारदार हथियार व ईंट से हमला कर दिया। पीड़ित कर्मचारी ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी गंभीर आरोप लगाया है।
पुलिस में प्राथमिकी दर्ज, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश
घटना की जानकारी मिलने पर अंचलाधिकारी मो. गुफराम मजहरी अन्य राजस्व कर्मचारियों के साथ तुरंत रजौली थाना पहुंचे और मामले की पूरी जानकारी ली। थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि घायल कर्मचारी के लिखित आवेदन के आधार पर मुख्य आरोपी प्रिंस कुमार समेत चार अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
आरोपी पक्ष की प्रतिक्रिया का इंतजार और पुलिस जांच जारी
इस घटना के संबंध में फिलहाल प्रिंस कुमार या उनके पक्ष की ओर से कोई आवेदन या बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि हमले के पीछे म्यूटेशन विवाद के अलावा कोई अन्य रंजिश या कारण था या नहीं, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल द्वारा मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही है।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट