NAWADA - नवादा के जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने समाहरणालय सभाकक्ष में कृषि टास्क फोर्स, मत्स्य और गव्य विकास की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने रबी फसल के आच्छादन लक्ष्य और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने किसानों को कृषि यंत्रीकरण योजना का समय पर लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पीएम किसान योजना के तहत सेल्फ रजिस्ट्रेशन, ईकेवाईसी और एनपीसीआई का सत्यापन करने को कहा। जिला गव्य विकास पदाधिकारी को दुधारू पशुओं की योजनाओं का विस्तार करने और दूरदराज के किसानों तक पहुंच बनाने का निर्देश दिया।
जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि जिले में 22,768.312 मेट्रिक टन यूरिया उपलब्ध था। इसमें से 21,053.417 मेट्रिक टन की खपत हो चुकी है। डीएपी की कुल उपलब्धता 3,816.775 मेट्रिक टन में से 3,525.875 मेट्रिक टन की खपत हुई है। रबी 2024-25 में उर्वरक कालाबाजारी रोकने के लिए 153 छापेमारी की गई। 40 मामलों में अनियमितता मिली और 8 लाइसेंस निलंबित किए गए। 31 मामलों में स्पष्टीकरण मांगा गया।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी संतोष कुमार सुमन, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, जिला गव्य पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट - अमन सिन्हा