नवादा में शराब तस्करों ने हमला कर पांच पुलिसकर्मियों को किया घायल, पुलिस ने की जवाबी कार्रवाई, ताबड़तोड़ 18 को उठाया

Nawada - नवादा जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात शराब तस्करी के खिलाफ वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर हमला हुआ। इस हमले में दो अधिकारियों सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह घटना बिहार-झारखंड सीमा पर स्थित दर्शननाला चेक पोस्ट पर हुई। गोविंदपुर थाना पुलिस शराब तस्करी रोकने के लिए नियमित वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने संगठित होकर चेकिंग का विरोध शुरू कर दिया।
विरोध जल्द ही उपद्रव में बदल गया। उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और पथराव किया। इस हमले में दो पुलिस अधिकारी और तीन अन्य पुलिसकर्मी घायल हुए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर 18 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया और घटना में अपनी संलिप्तता बताई। गोविंदपुर थाना में कांड संख्या 295/25 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
रिपोर्ट - अमन सिन्हा