Bihar News: नवादा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पिता ने दामाद और ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप

Bihar News: बिहार के नवादा में विवाहिता की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। पिता ने दामाद और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पिता का आरोप है कि दामाद का किसी ओर महिला के साथ संबंध भी था।

विवाहिता की मौत
विवाहिता की मौत - फोटो : social media

Bihar News: बिहार के नवादा जिले में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पिता ने दामाद और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए नरहट थाने में शिकायत दर्ज कराई है। गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के यशपुर निवासी गजेंद्र महतो ने पुलिस को बताया कि उनकी बड़ी बेटी पुष्पा वर्मा की शादी वर्ष 2019 में नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र के बड़ी पाली निवासी अजीत वर्मा से हुई थी।

नौकरी के बाद बढ़ी प्रताड़ना का आरोप

पिता के अनुसार, शादी के शुरुआती कुछ साल सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में पति और ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ना और मारपीट शुरू हो गई। गजेंद्र महतो का आरोप है कि नौकरी लगने के बाद अजीत वर्मा का व्यवहार और आक्रामक हो गया था। उन्हें आशंका है कि दामाद का किसी अन्य महिला से संबंध था, जिसके कारण उनकी बेटी के साथ मारपीट की जाती थी।

फोन पर दी गई मौत की सूचना

उन्होंने बताया कि करीब दो महीने पहले भी मारपीट की घटना हुई थी, जिसकी जानकारी पुष्पा ने उन्हें दी थी। उस समय गांव के लोगों ने हस्तक्षेप कर समझौता कराया था। पिता का कहना है कि अजीत ने धमकी दी थी कि अगर पुष्पा को वापस नहीं ले जाया गया तो वह उसे जान से मार देगा। पिता के अनुसार, घटना से दो-तीन दिन पहले अजीत वर्मा ने फोन कर बताया कि पुष्पा कहीं चली गई है। करीब आधे घंटे बाद उसने दोबारा फोन कर पुष्पा की मौत की सूचना दी।

पुलिस कर रही जांच

सुबह जब गजेंद्र महतो नवादा पहुंचे, तो उन्होंने अपनी बेटी का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा पाया। उन्होंने दामाद अजीत वर्मा पर हत्या का आरोप लगाया है। नरहट थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर इलाके में चर्चा तेज है और लोग घटना की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

नवादा से अमन की रिपोर्ट