Bihar News: नवादा में बदमाशों का तांडव, इंटरमीडिएट परीक्षा देने जा रहे छात्रों से मारपीट, मचा हड़कंप

Bihar News: बिहार के नवादा में बेखौफ बदमाशों का तांडव देखने को मिला है। दो अलग अलग स्थानों पर बदमाशों ने एक जैसी घटना को अंजाम दिया है। बदमाशों ने इंटर की परीक्षा देने आए छात्रों के साथ मारपीट की है।

नवादा
दो छात्रों के साथ मारपीट - फोटो : reporter

Bihar News:  बिहार के नवादा से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां इंटर की परीक्षा के दौरान मारपीट की घटना सामने आई है। जो अलग अलग स्थानों पर एक ही जैसी वारदात को अंजाम दिया गया है। एक छात्र की परीक्षा केंद्र के समीप 10 से 12 अज्ञात बदमाशों ने बेरहमी से पिटाई की तो वहीं दूसरे छात्र के साथ करीब 20 की संख्या में आए बदमाशों ने मारपीट की घटना को अंजाम दिया है। दोनों की छात्र आज की परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे। 

इंटर की परीक्षा दे रहे छात्रों के साथ मारपीट 

दरअसल, पहला मामला बुंदेलखंड थाना क्षेत्र का है। जहां सीताराम साहू कॉलेज के पास बने परीक्षा केंद्र के नजदीक सोमवार को 10–12 अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। घायल युवक की पहचान केशोरी गांव निवासी शिवम कुमार के रूप में हुई है। शिवम ने बताया कि वह परीक्षा केंद्र के पास खड़े होकर पेशाब कर रहे थे, तभी अचानक 10 से 12 लोग वहां पहुंचे और बिना किसी वजह के उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि उन्हें अब तक समझ नहीं आया कि उनके साथ ऐसा क्यों किया गया।

इमरजेंसी वार्ड में भर्ती 

शिवम के मुताबिक, घटना के दौरान आसपास कई स्थानीय लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी उन्हें बचाने की कोशिश नहीं की। जब वह गंभीर रूप से घायल हो गए तो सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने शिवम को नवादा सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और मारपीट का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।

परीक्षा नहीं दे सकेगा शिवम 

बताया जा रहा है कि शिवम कुमार इंटरमीडिएट की परीक्षा देने केंद्र पर पहुंचे थे, लेकिन मारपीट की वजह से वे परीक्षा नहीं दे सके। परिवार ने इसे बच्चे के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए दोषियों के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने और सख्त कार्रवाई की मांग करने की बात कही है।

छात्र को पीटपीट कर किया घायल

वहीं दूसरा मामला रजौली का है। जहां इंटरमीडिएट की परीक्षा देने जा रहे एक छात्र पर बदमाशों ने हमला कर दिया। घायल छात्र की पहचान कुणाल कुमार के रूप में हुई है। यह घटना करीगांव के पास उस समय हुई जब कुणाल सत्येंद्र हाई स्कूल में इंटरमीडिएट की परीक्षा देने जा रहा था। लगभग 20 की संख्या में रहे बदमाशों ने उसे रोककर जमकर मारपीट की। मारपीट में कुणाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल नवादा के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। चोटों के कारण वह अपनी परीक्षा में शामिल नहीं हो सका।

पुरानी रंजिश की आशंका

जख्मी छात्र ने बताया कि बदमाशों से उसकी छह महीने पहले गाली-गलौज हुई थी। आशंका है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते उस पर हमला किया गया। कुणाल ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल गंभीर रुप से घायल होने के कारण कुणाल भी परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेगा। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस दोनों की मामलों में जांच में जुट गई है। 

नवादा से अमन की रिपोर्ट