नवादा में जीत का 'डबल जश्न': भारत ने पाकिस्तान को दी मात, तो ईशान किशन की दादी ने ढोल बजाकर किया जमकर डांस
पाकिस्तान पर भारत की जीत के बाद नवादा में ईशान किशन की दादी डॉ. सावित्री शर्मा ने जिस तरह ढोल बजाया, उसने सबका दिल जीत लिया है। पूर्व सिविल सर्जन का यह डांस वीडियो इंटरनेट पर छाया हुआ है। देखिए कैसे एक दादी ने अपने पोते और देश की जीत का जश्न मनाया!
Nawada - : भारत-पाकिस्तान महामुकाबले में टीम इंडिया की शानदार जीत के बाद पूरे देश में दिवाली जैसा माहौल है, लेकिन बिहार के नवादा में इस जश्न का एक बेहद खास और भावुक रूप देखने को मिला। भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन की दादी और नवादा की पूर्व सिविल सर्जन डॉ. सावित्री शर्मा ने ढोल की थाप पर थिरकते हुए और खुद ढोल बजाकर इस जीत का स्वागत किया। उनके इस ऊर्जावान अंदाज का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
नवादा के न्यू एरिया में दिखा अद्भुत उत्साह
शहर के न्यू एरिया स्थित एक निजी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जब ईशान किशन की दादी सावित्री शर्मा वहां पहुंचीं, तो उनका भव्य स्वागत किया गया। टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत और उसमें ईशान किशन के जुड़ाव से उत्साहित डॉ. सावित्री शर्मा खुद को रोक नहीं पाईं। उन्होंने न केवल ढोल बजाया, बल्कि स्कूल के कर्मचारियों के साथ मिलकर नृत्य भी किया।

नवादा की जानी-मानी शख्सियत हैं सावित्री शर्मा
सावित्री शर्मा केवल एक क्रिकेटर की दादी के रूप में ही नहीं, बल्कि जिले में अपनी सेवा के लिए भी जानी जाती हैं। वे नवादा की पूर्व सिविल सर्जन रह चुकी हैं और वर्तमान में अपना नर्सिंग होम संचालित करती हैं। ईशान किशन का पैतृक घर नवादा में ही है, यही वजह है कि उनकी दादी की इस खुशी में पूरा शहर शरीक होता नजर आया।

गली-चौराहों पर आतिशबाजी और तिरंगे की लहर
सोमवार को नवादा की सड़कों पर जश्न का सैलाब उमड़ पड़ा। युवाओं ने हाथों में ईशान किशन और तिरंगा लेकर बाइक रैली निकाली और जमकर आतिशबाजी की। सोशल मीडिया पर लोग ईशान किशन की दादी के जज्बे को सलाम कर रहे हैं और कह रहे हैं कि जीत की खुशी जब अपनों के साथ इस तरह मनाई जाए, तो वह और भी यादगार बन जाती है।
Report - aman sinha