नवादा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 24 घंटे में 35 आरोपी को दबोचा, भारी मात्रा में शराब और चोरी का सामान बरामद

Bihar News : नवादा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 24 घंटे के अंदर 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों में कई पर हत्या और लूट जैसे संगीन आरोप है......

नवादा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 24 घंटे में 35 आरोपी को दबोचा
नवादा पुलिस की बड़ी कार्रवाई- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, अपराधियों की धरपकड़ और शराब तस्करों पर नकेल कसने के लिए नवादा पुलिस ने पिछले 24 घंटे के भीतर एक बड़ा विशेष अभियान चलाया है। नवादा के पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देशन में जिला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में कुल 35 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस चौतरफा कार्रवाई से जिले के अपराधियों और कानून हाथ में लेने वाले तत्वों के बीच हड़कंप मच गया है।


हत्या के प्रयास, लूट और मद्यनिषेध के आरोपी शामिल

पुलिस कप्तान अभिनव धीमान द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए 35 लोगों में गंभीर अपराधों के आरोपी शामिल हैं। इनमें हत्या के प्रयास के मामलों में संलिप्त 7, मद्यनिषेध (शराबबंदी कानून) उल्लंघन के 6, लूट कांड का 1, एससी/एसटी (SC/ST) अधिनियम से संबंधित 1 और अन्य विभिन्न आपराधिक मामलों में शामिल 20 आरोपियों को दबोचा गया है। इसके अलावा पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक अपहृत व्यक्ति को सकुशल बरामद करने में भी बड़ी सफलता हासिल की है।


हिसुआ थाना क्षेत्र में बड़ी सफलता, वांछित लुटेरा गिरफ्तार

इस पूरे अभियान के दौरान सबसे प्रभावी कार्रवाई हिसुआ थाना क्षेत्र में देखने को मिली। पुलिस ने यहां कई सालों से फरार चल रहे पुराने लूट कांड (संख्या 445/19, धारा 394 आईपीसी) के मुख्य आरोपी लालबादशाह उर्फ दिलीप कुमार को गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इसके साथ ही हिसुआ पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों का उद्भेदन करते हुए मिथुन वर्मा को चोरी के समरसेबल पंप के साथ और शेखर कुमार को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।


शराब तस्करों पर प्रहार, 41 लीटर से अधिक विदेशी व महुआ शराब जब्त

बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को कड़ाई से लागू करने के लिए पुलिस ने कई ठिकानों पर छापेमारी कर कुल 41 लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद की है। इसमें हिसुआ थाना के मोदीविगहा से राजेश राजवंशी को 12 लीटर देसी महुआ शराब के साथ दबोचा गया। वहीं, मेसकौर थाना पुलिस ने मेदकुरी गौशाला के पास से नीतीश कुमार और सुमन कुमार को 13.5 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। इसके अलावा, रजौली थाना पुलिस ने भी गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 15.534 लीटर विदेशी शराब की खेप जब्त की है।


सघन वाहन जांच में वसूला ₹50,000 का जुर्माना

अपराधियों के मूवमेंट को रोकने के लिए जिले के विभिन्न संवेदनशील चौराहों और सीमाओं पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत पुलिस ने कुल 235 वाहनों की कड़ाई से तलाशी ली और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से कुल ₹50,000 का शमन (जुर्माना) वसूला। जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल भी जब्त की है। एसपी ने साफ किया है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए यह छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट