नवादा सदर अस्पताल में एक्स-रे मशीन ठप: होली के बाद बढ़ी घायलों की भीड़, निजी केंद्रों पर लुटने को मजबूर मरीज
Nawada : नवादा सदर अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर चर्चा में है। अस्पताल की इकलौती एक्स-रे मशीन खराब होने से मरीजों को भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। होली के बाद बढ़ी भीड़ के बीच यह तकनीकी खराबी मरीजों की जेब और स्वास्थ्य दोनों पर भारी पड़ रही है।
होली के बाद बढ़ी मरीजों की संख्या, व्यवस्था फेल
होली पर्व के समापन के बाद नवादा सदर अस्पताल में मरीजों का तांता लगा हुआ है। त्योहार के दौरान हुई आपसी झड़पों और मारपीट की घटनाओं में घायल दर्जनों लोग प्रतिदिन इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। अधिकतर घायलों को हड्डी की चोट की जांच के लिए एक्स-रे की आवश्यकता है, लेकिन अस्पताल की मशीन खराब होने से अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।
घंटों कतार में खड़े रहने के बाद मिला निराशाजनक जवाब
अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। रोहित कुमार और विपिन कुमार जैसे मरीजों ने बताया कि पहले उन्हें रजिस्ट्रेशन काउंटर पर दो घंटे तक लंबी लाइनों में खड़ा रहना पड़ा। जब डॉक्टर से परामर्श के बाद वे एक्स-रे कक्ष पहुंचे, तो वहां ताला लटका मिला। कर्मियों द्वारा मशीन खराब होने की सूचना पाकर मरीजों का गुस्सा फूट पड़ा।
निजी सेंटरों पर आर्थिक शोषण का शिकार हो रहे गरीब
अस्पताल में एक्स-रे की सुविधा न मिलने के कारण गरीब मरीजों को मजबूरन निजी डायग्नोस्टिक केंद्रों का रुख करना पड़ रहा है। जहां सदर अस्पताल में यह सेवा निःशुल्क या बेहद कम शुल्क पर मिलती थी, वहीं बाहर निजी केंद्रों पर मरीजों से 200 से 300 रुपये वसूले जा रहे हैं। अनुज कुमार नामक मरीज ने कहा कि सरकारी अस्पताल में अव्यवस्था के कारण आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
अस्पताल प्रशासन ने स्वीकारी तकनीकी खराबी
इस पूरे मामले पर नवादा सदर अस्पताल के प्रबंधक कुमार आदित्य ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्वीकार किया कि गुरुवार को अचानक एक्स-रे मशीन में तकनीकी खराबी आ गई थी। उन्होंने बताया कि मशीन पुरानी होने या तकनीकी लोचा आने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है, जिससे मरीजों को हो रही असुविधा के लिए प्रशासन खेद प्रकट करता है।
जल्द मरम्मत का मिला आश्वासन
अस्पताल प्रबंधक ने दावा किया कि संबंधित तकनीकी टीम को खराबी की सूचना दे दी गई है। विशेषज्ञों को जल्द से जल्द बुलाकर मशीन को ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन का आश्वासन है कि एक-दो दिनों के भीतर सेवा पुनः बहाल कर दी जाएगी ताकि घायलों और मरीजों को राहत मिल सके।j
Report - aman sinha