प्रशांत किशोर के समर्थन में नवादा में दिखा गजब का उत्साह, जनसुराज कार्यकर्ताओं जुलूस निकालकर मनाया जश्न
बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर की जीत के बाद जनसुराज कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह व्याप्त है। इसी कड़ी में नवादा में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा शहर के विभिन्न इलाको विशाल जुलूस निकाला गया......
Nawada : जनसुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर को मिले भारी जनसमर्थन के बाद नवादा में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त उत्साह का माहौल देखने को मिला। शहर के विभिन्न इलाकों में जनसुराज कार्यकर्ताओं द्वारा विशाल जुलूस और विजय उत्सव कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप, अबीर-गुलाल और गगनभेदी नारों के साथ सड़कों पर मार्च निकाला।
'बिहार के मुख्यमंत्री के खिलाफ जनता का जनादेश प्रशांत किशोर को'
जुलूस के दौरान जनसुराज के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुखर होकर अपनी बात रखी। पार्टी नेताओं ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री के खिलाफ जनता का असली जनादेश अब प्रशांत किशोर को मिल चुका है। उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता अब परंपरागत राजनीति से ऊब चुकी है और राज्य में एक नई राजनीतिक दिशा व वास्तविक बदलाव चाहती है।
प्रदेश नेता मसीहुद्दीन की देखरेख में उतरी समर्थकों की भारी भीड़
यह शक्ति प्रदर्शन जनसुराज के प्रदेश नेता मसीहुद्दीन की देखरेख में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा, जहां जगह-जगह आम लोगों ने भी जनसुराज कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनका भव्य स्वागत किया।
विजय उत्सव के साथ आगामी राजनीतिक संघर्ष का आगाज
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रवक्ता मसीहुद्दीन ने कहा कि यह केवल एक विजय उत्सव नहीं, बल्कि बिहार की व्यवस्था बदलने के लिए शुरू हुए आगामी राजनीतिक संघर्ष का आगाज है। उन्होंने कहा कि यह बढ़ता जनसमर्थन इस बात का प्रतीक है कि बिहार की आवाम अब विकास, शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर जनसुराज के साथ खड़ी हो रही है।
पूरे प्रदेश में संगठन को और मजबूत करने का संकल्प
नेताओं ने संकल्प जताया कि आने वाले दिनों में जनसुराज नवादा ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार के कोने-कोने में अपने संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत करेगा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बदलाव की यह बयार अब रुकने वाली नहीं है और जनसुराज आने वाले समय में बिहार की राजनीति में एक नया इतिहास रचेगा।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट