Bihar News: नवादा में भारी बवाल, अवैध वसूली के खिलाफ प्रदर्शन, जाम में फंसे स्कूली बच्चे
Bihar News: नवादा जिले के हिसुआ में अवैध वसूली को लेकर हुआ विवाद उस समय उग्र हो गया, जब ट्रक ड्राइवर पर हमले के विरोध में लोगों ने सड़क जाम कर दिया। इस दौरान घंटों तक यातायात बाधित रहा और भीषण गर्मी में स्कूली बच्चे बसों में फंसे रहे।
Bihar News: नवादा के हिसुआ नगर परिषद क्षेत्र में अवैध पार्किंग वसूली को लेकर विवाद ने उग्र रूप ले लिया। ट्रक ड्राइवर पर हमले के विरोध में लोगों ने शहर के मुख्य मार्गों को जाम कर दिया। जिससे घंटों तक यातायात ठप रहा और स्कूली बच्चे बसों में फंसे रहे। जानकारी के मुताबिक, अवैध रूप से टैक्स वसूली को लेकर पहले से ही लोगों में नाराजगी थी।
ट्रक ड्राइवर पर हमला के बाद उग्र प्रदर्शन
इसी बीच एक ट्रक चालक का सिर फोड़ दिए जाने की घटना के बाद आक्रोशित चालकों और स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने नगर परिषद के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़कों को अवरुद्ध कर दिया। जाम का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर पड़ा। भीषण गर्मी में छुट्टी के बाद घर लौट रही निजी स्कूलों की बसें लंबे समय तक फंसी रहीं।
ट्रक चालकों का भारी बवाल
पानी की कमी और तेज धूप के कारण बच्चे परेशान नजर आए, वहीं कई अभिभावक अपने बच्चों की चिंता में मौके तक पहुंच गए। घटना से नाराज ट्रक चालकों ने सड़क पर वाहनों को तिरछा खड़ा कर दिया, जिससे एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाएं भी प्रभावित हुईं। स्थानीय लोगों ने इस स्थिति के लिए प्रशासनिक लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया।
प्रशासन ने स्थिति को संभाला
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया और त्वरित प्राथमिकी दर्ज करने का आश्वासन दिया। थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार के नेतृत्व में पहले स्कूली बसों और एंबुलेंस के लिए रास्ता साफ कराया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हुआ।
नवादा से अमन की रिपोर्ट