टीबीटी का जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित, 100 नवाचारी शिक्षकों का हुआ सम्मान
Nawada : डायट नवादा में टीबीटी द बिहार टीचर्स हिस्ट्री मेर्क्स के द्वारा जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह कार्यक्रम रविवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी वर्षा, डाइट के प्राचार्य फैयाज आलम, नगर परिषद के मुख्य पार्षद पिंकी कुमारी, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह और टीबीटी से जुड़े सभी सदस्यों ने मिलकर संयुक्त रूप से की।
इस कार्यक्रम का थीम कबाड़ से जुगाड़, शिक्षक कर रहे नवाचार रहा। इस थीम पर आधारित शिक्षकों ने अपशिष्ट बोतलों में पौधों से गुलदस्ता बना दिया, रद्दी पेपर से दीक्षांत टोपी बनाया साथ ही रद्दी चीजों से बहुत सारे टीएलएम बनाए और कबाड़ को भी मूल्यवान बना कर एक बेहतर संदेश दिया। इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई।
समारोह को संबोधित करते हुए डीपीओ वर्षा ने कहा कि शिक्षक हमेशा नवाचारी शिक्षण कार्य विद्यालयों में करते रहें। कबाड़ से जुगाड़ के बूते शिक्षकों ने नवाचार कर नवाचारी शिक्षण को एक नया रूप दिया है, जो स्वागतेय व प्रशंसनीय है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर परिषद की मुख्य पार्षद पिंकी कुमारी ने कहा कि इस तरह के आयोजन से शिक्षकों में नए उत्साह का संचार हुआ है, जिसका प्रतिफल विद्यालयों में दिखाई पड़ेगा। टीबीटी के संस्थापक डॉ.कुमार गौरव ने कहा कि पूरे बिहार के शिक्षकों को नवाचार के लिए अनूठा मंच दिया गया है। शिक्षकों का प्रयास थमना नहीं चाहिए।
निशा सिन्हा के द्वारा बताया गया कि कार्यक्रम के दौरान 100 नवाचारी शिक्षकों का सम्मान हुआ। डीपीओ वर्षा, नगर परिषद की मुख्य पार्षद पिंकी कुमारी, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता संजय साव, डायट के व्याख्याता राकेश कुमार आदि सम्मानित अतिथियों ने शिक्षकों को सम्मान किया। कार्यक्रम में शिक्षकों ने स्वागत गीत, अभियान गीत, रोल प्ले और कव्वाली जैसी विधाओं की प्रस्तुति कर अपना जलवा दिखाया, जिस पर खूब वाहवाही मिली।
कार्यक्रम की सफलता में नवाचारी शिक्षक डॉ.अंशु माला, फरजाना दानिश, संतोष कुमार, अरविंद कुमार, जतिन कुमार, निशा कुमारी, राधा रानी, पूजा कुमारी, अर्चना कुमारी, रत्नम श्रीवास्तव, ममता सिन्हा, शशि सुमन, सुरभि कुमारी, कुमारी भारती, निकिता भारती, रोहित रंजन सिन्हा, रवि रंजन आदि सक्रिय रूप से जुटे रहे।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट