Bihar News : नवादा में स्नान के दौरान तालाब में डूबने से किशोर की हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम

NAWADA : जिले में पानी में डूबने से एक 15 वर्षीय बालक की मौत हो गई है। यह घटना सीतामढ़ी थाना क्षेत्र के मोगया गांव में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया है। मृतक की पहचान मोगया गांव निवासी सत्येंद्र प्रसाद यादव के 15 वर्षीय पुत्र कुणाल कुमार के रूप में हुई है। कुणाल अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था।
घटना के सम्बन्ध में बताया गया कि कुणाल घर से कुछ दूरी पर स्थित एक तालाब में नहाने गया था। तालाब में एक गहरा गड्ढा था, जिसमें पानी जमा किया जाता था। नहाते समय कुणाल अचानक उस गहरे गड्ढे में चला गया। उसे तैरना नहीं आता था, जिसके कारण वह डूब गया।
स्थानीय लोगों ने कुणाल को डूबते देखा तो तुरंत गोताखोरों की मदद से उसे तालाब से बाहर निकाला। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
मृतक के पिता सत्येंद्र प्रसाद यादव लगभग छह महीने पहले दिल्ली में निजी नौकरी करने गए थे। उन्हें इस घटना की सूचना दे दी गई है और वे नवादा के लिए रवाना हो गए हैं। घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है।
नवादा से अमन सिन्हा की रिपोर्ट