Patna News: आधी रात हाइवा बना आग का शोला,पटना में धू-धू कर जला 14 चक्का ट्रक
Patna News: एक 14 चक्के का हाइवा अचानक आग के शोलों में तब्दील हो गया। देखते ही देखते भीषण लपटों ने पूरे वाहन को अपनी जद में ले लिया और हाइवा धू-धू कर पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
Patna News: बाढ़ अनुमंडल के बाढ़ थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब बेढ़ना पुल के पास एक 14 चक्के का हाइवा अचानक आग के शोलों में तब्दील हो गया। देखते ही देखते भीषण लपटों ने पूरे वाहन को अपनी जद में ले लिया और हाइवा धू-धू कर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि इस अग्निकांड में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
पुलिस के मुताबिक घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में आग भड़क उठी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप अख्तियार कर लिया।
घटना की खबर मिलते ही बाढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग अपना तांडव मचा चुकी थी। पुलिस के पहुंचने तक हाइवा पूरी तरह जल चुका था। सड़क किनारे खड़े इस धधकते वाहन को देखकर आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई।
हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त हाइवा में कोई व्यक्ति फंसा नहीं था और न ही किसी के घायल होने की सूचना मिली है। आग लगने के बाद वाहन का अधिकांश हिस्सा जलकर राख हो गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर यह हाइवा किसका था और वाहन में आग लगने की वास्तविक वजह क्या थी। पुलिस वाहन के मालिक और उससे जुड़े दस्तावेजों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही हादसे के पीछे सिर्फ डिवाइडर से टक्कर को वजह माना जाए या इसमें कोई और पहलू भी छिपा है, इसकी भी जांच की जा रही है।फिलहाल पुलिस की शुरुआती पड़ताल में मामला सड़क हादसे के बाद वाहन में आग लगने का ही प्रतीत हो रहा है। बावजूद इसके, आधी रात को पुल के पास हुए इस अग्निकांड ने इलाके में सनसनी जरूर फैला दी है। पुलिस अब वाहन की पहचान और मालिक की जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई करने की तैयारी में है।
रिपोर्ट- रविशंकर कुमार