Bihar Expressway News: बिहार में सड़कों का 'महाजाल', 4 नए एक्सप्रेस-वे और हर सिंगल लेन सड़क होगी डबल, कम होगा घंटों का सफर, जानिए पूरा रूट प्लान !

Bihar Expressway News: बिहार सरकार ने आगामी वित्तीय वर्ष के बजट में राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लिया है। पथ निर्माण विभाग के इस रोडमैप के केंद्र में 4 अत्याधुनिक एक्सप्रेस-वे और राज्यव्यापी सड़क चौड़ीकरण परियोजना है।

4 नए एक्सप्रेस
4 नए एक्सप्रेस, हर सिंगल लेन होगी डबल - फोटो : social media

Bihar Expressway News: बिहार की सड़कों पर अब न केवल गाड़ियां दौड़ेंगी, बल्कि प्रदेश के विकास की रफ्तार भी सुपरफास्ट होने वाली है। प्रदेश के लोगों को अब जाम और संकरी सड़कों की परेशानी नहीं होगी। दरअसल, नीतीश सरकार के नए रोडमैप ने प्रदेश में सड़कों की क्रांति का ऐलान कर दिया है। पथ निर्माण विभाग ने नए वित्तीय वर्ष के बजट में एक ऐसा 'इंफ्रास्ट्रक्चर मास्टरप्लान' पेश किया है, जो बिहार की भौगोलिक और आर्थिक तस्वीर बदल देगा। 4 नए शानदार एक्सप्रेस-वे और हर सिंगल लेन सड़क को डबल लेन में बदलने की इस बड़ी योजना से न केवल शहरों की दूरी घटेगी, बल्कि नदियों पर बनने वाले नए पुल बिहार की समृद्धि के नए द्वार खोलें

5 एक्सप्रेस-वे का होगा निर्माण

पथ निर्माण विभाग के अनुसार, वर्ष 2030 तक सात निश्चय-3 के तहत कुल पांच नए एक्सप्रेस-वे का निर्माण कराया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क को मजबूत करना प्राथमिकता है, ताकि आवागमन सुगम हो सके और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिले।

2025-26 की उपलब्धियां गिनाईं

बजट में वर्ष 2025-26 के दौरान पूरी की गई प्रमुख परियोजनाओं का भी उल्लेख किया गया है। पटना में जेपी गंगा पथ के कंगन घाट से दीदारगंज तक के हिस्से का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा राज्य के पहले डबल डेकर फ्लाईओवर, गांधी मैदान स्थित कारगिल चौक से अशोक राजपथ के बीच बने फ्लाईओवर को भी जनता के लिए खोल दिया गया। मीठापुर-महुली एलिवेटेड पथ परियोजना के तहत भूपतिपुर से पुनपुन तक का कार्य पूरा कर इसका लोकार्पण किया गया। वहीं कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के पटना से राघोपुर अंश को भी यातायात के लिए चालू कर दिया गया है।

नई परियोजनाओं को मिली मंजूरी

पथ निर्माण विभाग ने बताया कि बीते एक वर्ष में करीब 38,732.54 करोड़ रुपये की लागत वाली 266 सड़क और पुल परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। इन परियोजनाओं में दीघा-बिहटा-कोईलवर, मुंगेर-बरियारपुर-घोरघट-सुल्तानगंज और सुल्तानगंज-भागलपुर-सबौर गंगा पथ परियोजना शामिल हैं। राज्य में पहली बार हाईब्रिड एन्युटी मॉडल पर परियोजनाओं के क्रियान्वयन का निर्णय लिया गया है।

पुलों के रख-रखाव के लिए नई नीति

राज्य में पुलों के बेहतर रख-रखाव के उद्देश्य से बिहार राज्य पुल प्रबंधन एवं संधारण नीति 2025 लागू की गई है। इसके तहत 60 मीटर से अधिक लंबाई वाले 624 पुलों का संधारण और प्रबंधन बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा किया जाएगा। इस नीति को ब्रिज मेंटेनेंस बिडिंग डॉक्यूमेंट के माध्यम से लागू किया जाएगा। इसके तहत 250 मीटर से अधिक लंबाई वाले 85 पुलों का स्ट्रक्चरल सेफ्टी ऑडिट आईआईटी दिल्ली और आईआईटी पटना से कराने के लिए सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

मेगा सड़क परियोजनाओं पर काम जारी

बजट में राज्य में चल रही मेगा सड़क परियोजनाओं की भी जानकारी दी गई है। दानापुर-बिहटा-कोईलवर सड़क, आमस-दरभंगा ग्रीनफील्ड परियोजना और मुंगेर-मिर्जा चौकी फोरलेन सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा दिघवारा-शेरपुर के बीच गंगा नदी पर प्रस्तावित छह लेन पुल और महात्मा गांधी सेतु के समानांतर बनने वाले फोरलेन पुल का भी उल्लेख किया गया है। सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से बिहार के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई ऊंचाई मिलेगी।