Bihar Pooja Special Trains: दशहरा-दीपावली-छठ पर बिहार के लिए दौड़ेंगी 400 स्पेशल ट्रेनें, इन रूटों पर चलेंगी पूजा स्पेशल ट्रेनें

Bihar Pooja Special Trains:दशहरा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने बिहार के लिए स्पेशल ट्रेनों के परिचालन को हरी झंडी दे दी है। ...

 Special Trains to Run for Bihar During Festive Season

Bihar Pooja Special Trains:दशहरा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने बिहार के लिए स्पेशल ट्रेनों के परिचालन को हरी झंडी दे दी है। 1 अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच देश के अलग-अलग प्रमुख शहरों से बिहार के विभिन्न स्टेशनों के लिए करीब 400 ट्रिप स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी है। इनमें दिल्ली के आनंद विहार, चंडीगढ़, फिरोजपुर कैंट और ऋषिकेश समेत 10 से अधिक प्रमुख शहर शामिल हैं।

सबसे ज्यादा स्पेशल ट्रेनें दिल्ली से पटना जंक्शन, पाटलिपुत्र जंक्शन, मुजफ्फरपुर और जोगबनी रूट पर चलाने की योजना है। पहले चरण में 16 स्पेशल ट्रेनों की समय-सारिणी जारी की गई है। इनमें पाटलिपुत्र-आनंद विहार के बीच प्रतिदिन स्पेशल ट्रेन 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक चलेगी।

रेलवे ने त्योहारों के दौरान नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली वेटिंग को देखते हुए भी अहम फैसला लिया है। पटना से खुलने और यहां से गुजरने वाली नियमित ट्रेनों में जरूरत के अनुसार एक से दो अतिरिक्त एसी कोच जोड़े जाएंगे। इससे वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को कन्फर्म बर्थ मिलने की संभावना बढ़ेगी।

चंडीगढ़-पटना और पटना-चंडीगढ़ के बीच स्पेशल ट्रेनें 1 और 2 अक्टूबर से निर्धारित दिनों में चलेंगी। फिरोजपुर कैंट-पटना और पटना-फिरोजपुर कैंट के बीच भी अक्टूबर-नवंबर में ट्रेनें संचालित होंगी। आनंद विहार-जोगबनी, आनंद विहार-मुजफ्फरपुर, दिल्ली-सीतामढ़ी, आनंद विहार-लौकहा बाजार और ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर के बीच भी पूजा स्पेशल ट्रेनें चलेंगी।

आनंद विहार-पाटलिपुत्र स्पेशल ट्रेन का परिचालन भी निर्धारित अवधि में प्रतिदिन किया जाएगा। इसके अलावा मुजफ्फरपुर-ऋषिकेश और ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर रूट पर भी यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनें उपलब्ध रहेंगी।

रेलवे के इस फैसले से त्योहारों के दौरान बिहार आने वाले प्रवासियों और दूसरे राज्यों में रहने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर छठ के दौरान बिहार लौटने वाले यात्रियों के लिए अतिरिक्त ट्रेनों और एसी कोच की सुविधा से रेल यात्रा का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।