Danapur Kabaddi Tournament 2026: अंडर-17 बालिका वर्ग में ओपेन माइंड्स अ बिरला स्कूल बना चैंपियन

Danapur Kabaddi News: दानापुर के ओपेन माइंड्स अ बिरला स्कूल में 5वीं सिपाही भगत अंतर्विद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता संपन्न। 18 स्कूलों की भागीदारी के बीच 5 विद्यालयों ने विभिन्न वर्गों में खिताब अपने नाम किए।

Open Minds A Birla School Danapur News
अंडर-17 बालिका वर्ग में ओपेन माइंड्स अ बिरला स्कूल बना चैंपियन- फोटो : Reporter

ओपेन माइंड्स अ बिरला स्कूल, दानापुर के खेल परिसर में आयोजित दो दिवसीय 'पांचवीं सिपाही भगत अंतर्विद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता 2026-27' का रविवार को शानदार और रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हो गया। 10 और 11 अक्टूबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 18 प्रतिष्ठित विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान युवा खिलाड़ियों ने अपनी बेहतरीन रेडिंग, मजबूत डिफेंस और शानदार टीम तालमेल से दर्शकों की खूब तालियाँ बटोरीं।


रोमांचक फाइनल मुकाबलों में इन विद्यालयों ने मारी बाजी

विभिन्न आयु वर्गों में खेले गए फाइनल मुकाबलों में पाँच अलग-अलग विद्यालयों ने अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया। अंडर-14 बालिका वर्ग में सिपाही भगत स्कूल और अंडर-14 बालक वर्ग में सेंट जेवियर स्कूल चैंपियन बना। वहीं, अंडर-17 बालिका वर्ग में मेजबान ओपेन माइंड्स अ बिरला स्कूल ने बाजी मारी, जबकि अंडर-17 बालक वर्ग में रेडियंट इंटरनेशनल स्कूल ने जीत दर्ज की। इसके अलावा अंडर-19 बालक वर्ग में भी सेंट जेवियर स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी अपने नाम की।


सेमीफाइनल से फाइनल तक दिखा रणनीतिक कौशल और खेल भावना

शनिवार को खेले गए कड़े सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद रविवार को फाइनल मैचों में खिलाड़ियों ने अपनी शारीरिक क्षमता, तत्परता और रणनीतिक कौशल का अद्भुत परिचय दिया। इस दो दिवसीय आयोजन ने विद्यार्थियों को न सिर्फ खेल प्रतिभा दिखाने का मंच दिया, बल्कि उनमें अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की सीख को भी सुदृढ़ किया।


अतिथियों ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन, खेल प्रतिभा निखारने पर जोर

प्रतियोगिता के समापन और पुरस्कार वितरण समारोह के अवसर पर विद्यालय के सीओओ अमन कुमार, प्रधानाचार्य पलजिन्दर पाल, उप प्रधानाचार्या पूनम पांडेय और खेल विभाग के विभागाध्यक्ष करणधीर शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के भीतर छिपी खेल प्रतिभा को निखारना और उनमें खेल भावना का विकास करना है।