Republic Day 2026: 77वां गणतंत्र दिवस आज, पटना के गांधी मैदान में भव्य समारोह, राज्यपाल फहराएंगे झंडा

Republic Day 2026: पटना के गांधी मैदान में भी गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन किया गया है। पटना के गांधी मैदान में सुबह 8 बजे बिहार के राज्यपाल मो. आरिफ खान तिरंगा फहराएंगे।

गणतंत्र दिवस
77 गणतंत्र दिवस आज - फोटो : social media

Republic Day 2026: बिहार सहित पूरा देश आज 77 वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। पटना के गांधी मैदान में भी गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन किया गया है। पटना के गांधी मैदान में सुबह 8 बजे बिहार के राज्यपाल मो. आरिफ खान तिरंगा फहराएंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा समेत कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।

21 टुकड़ियों की निकलेगी भव्य परेड

गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर गांधी मैदान को विशेष रूप से सजाया गया है। ध्वजारोहण के बाद 21 टुकड़ियों की भव्य परेड निकाली जाएगी, जबकि बिहार सरकार के 12 विभागों की आकर्षक झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी। कार्यक्रम के मद्देनजर जिला प्रशासन ने गांधी मैदान और आसपास के क्षेत्रों को चार सेक्टर में विभाजित किया है। प्रत्येक सेक्टर में वरीय दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी की तैनाती की गई है। कुल 136 दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी तैनात हैं, वहीं महिला बल, लाठी बल और अन्य सुरक्षा बल भी मुस्तैदी से तैनात किए गए हैं।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम 

दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गांधी मैदान में बैठने के लिए टेंट लगाए गए हैं। पेयजल की व्यवस्था के लिए वाटर टैंक, वाटर एटीएम और नल उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा मैदान के गेटों के पास तीन प्राथमिक चिकित्सा शिविर और कंट्रोल रूम के पास एक मेडिकल कैंप लगाया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था की गई है। साथ ही दो अग्निशमन दस्ते तैनात किए गए हैं, जिनमें एक स्टेट बैंक के पास और दूसरा वीआईपी पार्किंग के पास मौजूद रहेगा।

ट्रैफिक के लिए विशेष प्लान 

गणतंत्र दिवस समारोह को देखते हुए पटना में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। गांधी मैदान के आसपास भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। सुबह 7 बजे से आम जनता की एंट्री शुरू होगी। आम लोग गेट नंबर 5, 6 और 7 से गांधी मैदान में प्रवेश कर सकेंगे। जेपी गंगा पथ, अशोक राजपथ, गोलघर, मंदिरी और बुद्धा कॉलोनी की ओर से आने वाले दर्शक गेट नंबर 5 और 6 से प्रवेश करेंगे, जबकि बारी पथ, नाला रोड, ठाकुरबाड़ी, बाकरगंज, एग्जीबिशन रोड, फ्रेजर रोड, टीएन बनर्जी रोड और छज्जूबाग की ओर से आने वाले लोग गेट नंबर 7 से मैदान में प्रवेश करेंगे। मीडिया कर्मियों की एंट्री रिजर्व बैंक के सामने बने गेट नंबर 9 से होगी, जबकि मुख्य अतिथियों की एंट्री गेट नंबर 10 से कराई जाएगी। समारोह समाप्त होने के बाद दर्शकों की सुविधा के लिए सभी गेट खोल दिए जाएंगे।

परेड और झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र

कला एवं संस्कृति (परंपरा से संरक्षण तक),

परिवहन (नारी शक्ति, राष्ट्र शक्ति),

विधि (स्वच्छ पर्यावरण, सशक्त भारत),

जीविका (मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना),

पर्यटन (मां जानकी जन्मस्थली, पुनौरा धाम),

ऊर्जा (कजरा सोलर परियोजना),

सहकारिता (विकसित पैक्स, विकसित बिहार),

अग्निशमन (कर्तव्य पर अडिग),

कृषि (तेलहन से समृद्धि),

शिक्षा (सुरक्षित विद्यालय, उज्ज्वल भविष्य),

उद्योग (समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार)

और मद्य निषेध (नशा मुक्त बिहार, सशक्त परिवार) शामिल हैं।

12 विभागों की झांकियों 

इस बार गणतंत्र दिवस परेड में 21 टुकड़ियां हिस्सा ले रही हैं। वहीं 12 विभागों की झांकियों के माध्यम से सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और सामाजिक संदेशों को प्रदर्शित किया जाएगा। भव्य परेड, रंग-बिरंगी झांकियां और कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच पटना में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह देशभक्ति के माहौल में मनाया जा रहा है।