मेधावी छात्र को मिला सहारा, ‘ऑक्सीजन मैन’ गौरव राय ने बढ़ाया मदद का हाथ, परिवार को दिया खास सहयोग

मेधावी छात्र युवराज की बड़ी उपलब्धि को देखते हुए पटना के सामाजिक कार्यकर्ता गौरव राय ने उसके घर पहुंचकर परिवार की खास तरीके से मदद की।

Gaurav Rai
Gaurav Rai - फोटो : news4nation

Bihar News : सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और लगन से सफलता हासिल करने वाले छात्रों की कहानियां समाज को प्रेरित करती हैं। ऐसी ही एक मिसाल पेश की है पटना के मनेर बाजार निवासी छात्र युवराज गुप्ता ने, जिसने मैट्रिक परीक्षा में 457 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। युवराज न केवल पढ़ाई में अव्वल है, बल्कि अपने पिता की छोटी सी दुकान पर बैठकर उनका हाथ भी बंटाता है। पढ़ाई और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाकर उसने यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादों के आगे अभाव भी बाधा नहीं बनते। उसके शिक्षक परमाणु कुमार ने बताया कि युवराज शुरू से ही मेहनती और अनुशासित छात्र रहा है।


युवराज की इस उपलब्धि को देखते हुए पटना के सामाजिक कार्यकर्ता गौरव राय ने उसके घर पहुंचकर परिवार की मदद की। गौरव राय, जिन्हें ‘ऑक्सीजन मैन’ के नाम से जाना जाता है, ने युवराज की माता सुनीता देवी को गैस का चूल्हा भेंट किया, ताकि परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों में कुछ सहूलियत मिल सके। उन्होंने कहा कि युवराज गुप्ता की सफलता यह संदेश देती है कि कठिन परिस्थितियों में भी मेहनत से सपनों को साकार किया जा सकता है।


गौरव राय ने बताया कि यह चूल्हा अहमदाबाद में रहने वाले सिद्धार्थ श्रीवास्तव द्वारा भेजे गए चार चूल्हों में से एक है। उन्होंने इस सहयोग के लिए सिद्धार्थ श्रीवास्तव का आभार जताया। साथ ही, उन्होंने शिक्षक परमाणु कुमार की भी सराहना की, जो सीमित संसाधनों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दे रहे हैं।


गौरव राय लंबे समय से बिना किसी एनजीओ के निजी स्तर पर जरूरतमंदों की मदद करते आ रहे हैं। उनकी पहल से अब तक 331 जरूरतमंदों को साइकिल, 285 महिलाओं को सिलाई मशीनें और 152 स्कूल-कॉलेजों में सैनिट्री पैड वेंडिंग मशीनें लगवाई जा चुकी हैं। एक निजी कंपनी में कार्यरत गौरव राय अब तक 105 बार रक्तदान भी कर चुके हैं और युवाओं को इसके लिए लगातार प्रेरित करते रहते हैं।