प्रदर्शन के दौरान घायल छात्रों से मिलने कांग्रेस सांसदों का दल पहुंचा पटना, इमरान प्रतापगढ़ी का सरकार पर तीखा हमला

बिहार के कई जिलों में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और सिवान में हुई गोलीबारी के मुद्दे पर कांग्रेस ने आक्रामक रुख अपना लिया है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के निर्देश पर पार्टी के कई वरिष्ठ सांसद शनिवार को पटना पहुंचे....

प्रदर्शन के दौरान घायल छात्रों से मिलने कांग्रेस सांसदों का
इमरान प्रतापगढ़ी का सरकार पर तीखा हमला- फोटो : अभिजीत

Patna : बिहार के कई जिलों में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और सिवान में हुई गोलीबारी के मुद्दे पर कांग्रेस ने आक्रामक रुख अपना लिया है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के निर्देश पर पार्टी के कई वरिष्ठ सांसद शनिवार को पटना पहुंचे। यह प्रतिनिधिमंडल सिवान, जहानाबाद, पूर्णिया सहित उन तमाम प्रभावित जिलों के लिए रवाना हो गया है, जहाँ छात्रों पर पुलिसिया कार्रवाई हुई थी।


घायल छात्रों और उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे इमरान प्रतापगढ़ी

कांग्रेस के प्रमुख सांसद इमरान प्रतापगढ़ी सिवान के लिए रवाना हुए हैं, जहाँ वे गोलीबारी में घायल हुए तीनों छात्रों और उनके परिजनों से सीधी मुलाकात करेंगे। इसके साथ ही, दल के अन्य सांसद उन जिलों में जा रहे हैं जहाँ प्रदर्शनकारी छात्रों की बेरहमी से पिटाई की गई थी या जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया है।


'आज़ाद भारत के इतिहास में पहली बार छात्रों पर चली AK-47': इमरान प्रतापगढ़ी

पटना पहुंचे सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "हम पूरी मजबूती के साथ छात्रों के हक में खड़े हैं। आज़ाद भारत के इतिहास में बिहार शायद पहला ऐसा राज्य बन गया है जहाँ अपने हक की मांग कर रहे निहत्थे छात्रों पर AK-47 जैसे घातक हथियार से गोलियां बरसाई गईं।"


सरकार की चुप्पी पर सवाल, तैयार होगी विस्तृत रिपोर्ट

इमरान प्रतापगढ़ी ने राज्य सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतने बड़े मामले के बाद भी सरकार का कोई नुमाइंदा कुछ बोलने को तैयार नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सांसदों की टीम सभी प्रभावित जिलों में जाकर घायल छात्रों, उनके परिवारों और गिरफ्तार युवाओं से बात करेगी। इसके बाद एक विस्तृत ग्राउंड रिपोर्ट तैयार कर सीधे राहुल गांधी को सौंपी जाएगी।


अभिजीत की रिपोर्ट