Bihar News : पटना में लगेगा भारत के श्रेष्ठ आमों का महाकुंभ, बिहार नर्सरीमेन एसोसिएशन ‘द्वितीय ग्रैंड मैंगो फेस्टिवल 2026’ का करेगा आयोजन

Bihar News : बिहार नर्सरीमेन एसोसिएशन द्वारा आगामी 13 एवं 14 जून 2026 को बधाई बैंक्वेट हॉल, अशियाना–दीघा रोड, पटना में "द्वितीय ग्रैंड मैंगो फेस्टिवल 2026" का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

Bihar News : पटना में लगेगा भारत के श्रेष्ठ आमों का महाकुंभ,
आमों का महाकुंभ - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : पटना में आम प्रेमियों, किसानों और कृषि उद्यमियों के लिए एक बेहद खास और शानदार आयोजन होने जा रहा है। बिहार नर्सरीमेन एसोसिएशन द्वारा आगामी 13 एवं 14 जून 2026 को अशियाना–दीघा रोड स्थित 'बधाई बैंक्वेट हॉल' में "द्वितीय ग्रैंड मैंगो फेस्टिवल 2026" का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस दो दिवसीय महोत्सव का मुख्य उद्देश्य बिहार समेत देश के विभिन्न राज्यों की उत्कृष्ट, दुर्लभ और प्रीमियम आम की किस्मों को एक साझा मंच पर प्रदर्शित करना है। इसके साथ ही, इस आयोजन के जरिए किसानों, नर्सरी संचालकों और व्यवसायियों को जोड़कर आम आधारित उद्यानिकी (हॉर्टिकल्चर) और कृषि व्यवसाय को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है।

इस बार महोत्सव का मुख्य आकर्षण "टेस्ट द बेस्ट मैंगो ऑफ इंडिया" थीम रहेगी, जिसके तहत देश के कोने-कोने से लाए गए बेहतरीन आमों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस अवसर पर 100 से अधिक अत्यंत दुर्लभ और प्रीमियम आम की किस्में आम जनता के देखने और स्वाद चखने के लिए उपलब्ध होंगी। प्रदर्शनी में दुनिया के सबसे महंगे आमों में शुमार 'मियाजाकी' के साथ-साथ रेड आइवरी, कस्तूरी, नाम डॉक माई पर्पल जैसी विदेशी व दुर्लभ किस्में मुख्य आकर्षण होंगी। इसके अलावा पारंपरिक व लोकप्रिय किस्में जैसे गुलाबखास, बिहार का जीआई टैग प्राप्त जर्दालू, लंगड़ा मालदह, अल्फांसो, चौसा, दशहरी, हिमसागर और आम्रपाली का भी शानदार प्रदर्शन किया जाएगा।

महोत्सव की प्रमुख विशेषताओं की बात करें तो यहाँ विभिन्न प्रकार के आम के फलों और उच्च गुणवत्ता वाले आम के पौधों की बिक्री के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। फलदार और फ्रूटिंग स्टेज (फलों से लदे) वाले आम के पौधों का विशेष प्रदर्शन इस बार बागवानी के शौकीनों को खूब आकर्षित करेगा। पंजीकृत सदस्यों के लिए एक खास 'मैंगो टेस्टिंग' कार्यक्रम भी रखा गया है। इसके अलावा, आम उत्पादन की आधुनिक तकनीकों, उन्नत बागवानी और उनके बेहतर विपणन (मार्केटिंग) पर तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिसमें देश के प्रमुख कृषि विश्वविद्यालयों के वैज्ञानिकों एवं उद्यानिकी विशेषज्ञों द्वारा किसानों और नर्सरी संचालकों को विशेष मार्गदर्शन और परामर्श दिया जाएगा।

महोत्सव में बच्चों को प्रकृति और पर्यावरण से जोड़ने के लिए एक विशेष विंग "आर्ट फॉर मैंगो" तैयार किया गया है। इसके तहत बच्चों के लिए आम विषय पर चित्रकला (पेंटिंग), मैंगो कलरिंग, मैंगो क्राफ्ट व मॉडल मेकिंग तथा "मेरा पसंदीदा आम" विषय पर कई रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। साथ ही, बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक पर्यावरण जागरूकता क्विज और मनोरंजक खेल भी होंगे, जिसके विजेताओं को मेडल, सर्टिफिकेट और आकर्षक पुरस्कारों से नवाजा जाएगा। इसके अलावा, महोत्सव को मनोरंजक बनाने के लिए दोनों दिन शाम को बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति, मैथिली, भोजपुरी और मगही परंपराओं पर आधारित लोकगीत, लोकनृत्य और स्थानीय कलाकारों द्वारा विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।

बिहार नर्सरीमेन एसोसिएशन का यह प्रयास बिहार के आम उत्पादकों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाने और राज्य के नर्सरी उद्योग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। यह आयोजन न केवल व्यवसाय विस्तार और नेटवर्किंग के लिए एक बेहतरीन मंच है, बल्कि कृषि एवं उद्यानिकी के छात्रों के लिए भी बेहद ज्ञानवर्धक साबित होने वाला है। एसोसिएशन ने पटना के आम नागरिकों, परिवारों, किसानों और छात्रों से इस दो दिवसीय आम महोत्सव में भारी संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाने की भावभीनी अपील की है।