Reborn Love Guru : 'लव गुरु' मटुकनाथ की जिंदगी में फिर बजा प्यार का तराना, 72 की उम्र में 'जानू' की हुई एंट्री, फेसबुक पोस्ट से मचा बवाल

Reborn Love Guru  : 'लव गुरु' मटुकनाथ की जिंदगी में फिर बजा

PATNA : साल 2006 में अपनी छात्रा जूली के साथ प्रेम संबंधों को लेकर देशभर की सुर्खियों में रहने वाले पटना यूनिवर्सिटी के पूर्व प्रोफेसर मटुकनाथ चौधरी एक बार फिर चर्चा में हैं। 72 वर्ष की उम्र में बिहार के इस चर्चित 'लव गुरु' की जिंदगी में जूली की विदाई के बाद अब एक रहस्यमयी 'जानू' की एंट्री हुई है। मटुकनाथ ने सोशल मीडिया पर अपनी इस नई और अजीबोगरीब प्रेम कहानी का खुलासा किया है, जो किसी फिल्मी ड्रामे से कम नहीं लग रही।

मटुकनाथ ने फेसबुक पर एक भावुक और व्यंग्यात्मक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि एक महिला उनसे प्रेम का दावा कर रही है, लेकिन उसकी शर्त बेहद अनोखी है। वह महिला चाहती है कि मटुकनाथ उसकी साहित्यिक रचनाओं को ध्यानपूर्वक पढ़ें और उन पर सार्वजनिक या निजी तौर पर टिप्पणियाँ करें। इस पर प्रोफेसर ने चुटकी लेते हुए सवाल उठाया कि क्या यह प्रेम है या ड्यूटी? उन्होंने लिखा, "मैं सोचता हूं कि प्रेम के बदले प्रेम होना चाहिए, लेकिन यहाँ प्रेम के बदले रचनाएँ पढ़ने का सौदा हो रहा है।"

इस प्रेम कहानी में मोड़ तब आया जब मटुकनाथ ने इस 'ड्यूटी' को निभाने से इनकार कर दिया। प्रोफेसर के मना करने पर उस महिला ने उन्हें 'मुंहतोड़' जवाब देते हुए कहा, "आप किस लायक हैं कि मैं आपको प्यार के बदले प्यार दूं? आप जिस लायक हैं, वही काम आपसे लूंगी। आप पढ़-लिख सकते हैं, बस वही कीजिए।" महिला ने तीखा प्रहार करते हुए यहाँ तक कह दिया कि मटुकनाथ केवल 'प्यास' जगा सकते हैं, बुझा नहीं सकते। इस बात ने 72 वर्षीय 'लव गुरु' के स्वाभिमान को झकझोर कर रख दिया।

अपमानित महसूस करने के बाद मटुकनाथ ने उस महिला को भूलने की कोशिश शुरू की, लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। उन्होंने बताया कि जब वे अकेले बैठकर अपने दर्द की दवा तलाश रहे थे, तभी अचानक उसी महिला का फोन आया और उसने बड़े प्यार से पूछा— "मुझसे नाराज हो जानू?" मटुकनाथ लिखते हैं कि इस एक 'जानू' शब्द को सुनते ही उनकी जान में जान आ गई। मुरझाया हुआ मन एक बार फिर खिल उठा और उन्होंने हार मानकर उसकी सभी शर्तें स्वीकार कर लीं।

मटुकनाथ ने अपनी पोस्ट के अंत में स्वीकार किया कि वे अब उस महिला की रचनाएं भी पढ़ेंगे और टिप्पणियां भी करेंगे, ताकि कम से कम इस बहाने उनसे जुड़ाव बना रहे। उम्र के इस पड़ाव पर मटुकनाथ की यह बेबाकी एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। लोग उनकी इस 'जिंदादिली' पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई इसे बुढ़ापे का अकेलापन कह रहा है, तो कोई इसे 'लव गुरु' का सिग्नेचर स्टाइल मान रहा है।