Bihar News : पटना में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, न्यू मार्केट स्थित 'विजय डेयरी' में की छापेमारी, मिलीं कई गंभीर अनियमितताएं
Bihar News : खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा आज पटना स्थित खाद्य प्रतिष्ठान 'विजय डेयरी' न्यू मार्केट, पटना का औचक निरीक्षण किया गया। जहाँ कई तरह की अनियमितताएं पाई गयी......पढ़िए आगे
PATNA : आम नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में आज विभाग की विशेष टीम द्वारा न्यू मार्केट (जीपीओ, कोतवाली थाना क्षेत्र, सदर, पटना) स्थित प्रसिद्ध खाद्य प्रतिष्ठान 'विजय डेयरी' का औचक निरीक्षण किया गया। अचानक हुई इस छापेमारी से स्थानीय व्यापारियों और खाद्य कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रतिष्ठान के भीतर साफ-सफाई, भंडारण व्यवस्था और संबंधित दस्तावेजों की गहनता से जांच की, जिसमें खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों और नियमों के अनुपालन में कई गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं। जांच टीम ने पाया कि प्रतिष्ठान द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं मानक (खाद्य कारोबार के अनुज्ञापन एवं पंजीकरण) विनियम, 2011 के शेड्यूल-IV के तहत निर्धारित स्वच्छता और सुरक्षा मानकों का सही ढंग से पालन नहीं किया जा रहा था।
इसके अतिरिक्त, निरीक्षण के समय प्रतिष्ठान में कार्यरत कर्मचारियों के अनिवार्य स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं पाए गए, जो खाद्य सुरक्षा नियमों का सीधा उल्लंघन है। दस्तावेजों की जांच में एक और बड़ी खामी यह सामने आई कि 'विजय डेयरी' को प्राप्त खाद्य अनुज्ञप्ति में फूड कैटेगरी के अंतर्गत 'ऑयल एंड फैट्स' श्रेणी अंकित ही नहीं थी, इसके बावजूद संबंधित उत्पादों का कारोबार किया जा रहा था।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर ही इन सभी खामियों और अनियमितताओं को रिकॉर्ड में दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, प्रतिष्ठान संचालक के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत नियमानुसार आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है, ताकि नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त नकेल कसी जा सके। इस कार्रवाई के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया है कि कारोबार के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों और निर्धारित सरकारी नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन अनिवार्य है। विभाग ने दो टूक कहा है कि आम जनमानस के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ या नियमों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।