Chhath Puja 2026 : पटना जू सहित एक दर्जन से अधिक पार्कों में गूंजेंगे छठ के गीत, तैयारियां अंतिम चरण में
Chhath Puja 2026 : गंगा घाटों पर भीड़ के दबाव को कम करने के उद्देश्य से इस बार पटना जू की झील समेत शहर के एक दर्जन से अधिक बड़े पार्कों में छठ पूजा का भव्य आयोजन किया जाएगा।
PATNA : लोकआस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी पटना के पार्कों में भी तैयारियां अब अंतिम चरण में है। इस बार पटना जू की झील समेत शहर के एक दर्जन से अधिक बड़े पार्कों में छठ पूजा का आयोजन होगा। इसके लिए संबंधित पार्कों में साफ-सफाई, रोशनी और अन्य जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि व्रतियों को अर्घ्य देने में किसी तरह की परेशानी न हो।
पटना जू की झील को छठ पूजा के लिए विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है। झील के पानी की सफाई के साथ घाट के आसपास बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, झील किनारे व्रतियों की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम भी बनाए जाएंगे। पूजा के दौरान पर्याप्त रोशनी के लिए लाइट टावर लगाए जाएंगे, जिनमें फ्लड लाइट की व्यवस्था रहेगी।
शहर के जिन प्रमुख पार्कों में छठ पूजा होगी, उनमें इको पार्क, हार्डिंग पार्क, नवीन सिन्हा पार्क, लालबहादुर शास्त्री पार्क, एजी कॉलोनी पार्क, ऊर्जा पार्क, सीआईडी कॉलोनी पार्क और लोहिया नगर पार्क सहित अन्य पार्क शामिल है। इन पार्कों में छठ व्रतियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।
इको पार्क समेत पार्क प्रबंधन के अधीन आने वाले बड़े पार्कों में मुख्य रूप से रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। इन पार्कों में पहले से फव्वारे और हौजुमा जलीय स्रोत उपलब्ध है, इसलिए अर्घ्य देने के लिए अलग से विशेष जल प्रबंधन की आवश्यकता नहीं होगी। शुक्रवार से पार्कों में लाइट लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा, ताकि संध्याकालीन और प्रातकालीन अर्घ्य के दौरान पर्याप्त रोशनी उपलब्ध रहे।