सीएम आवास के पास तेज रफ्तार कार ने पोल में मारी टक्कर, नशे की आशंका में चालक हिरासत में

सीएम आवास के पास तेज रफ्तार कार ने पोल में मारी टक्कर, नशे क
सीएम आवास के पास तेज रफ्तार कार ने पोल में मारी टक्कर- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां मुख्यमंत्री आवास के पिछले गेट के समीप गुरुवार को एक तेज रफ्तार फोर व्हीलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पोल से टकरा गई। हादसा गोलंबर के पास हुआ, जिसमें गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फोर व्हीलर तेज रफ्तार में आ रही थी। इसी दौरान चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि, घटना में किसी के घायल होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।


मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक तौर पर चालक के शराब के नशे में होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने चालक को अपने साथ थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है।


पूछताछ के दौरान चालक ने बताया कि वह बोरिंग रोड से अपने घर जा रहा था। हालांकि, वह यह स्वीकार करने को तैयार नहीं था कि उसकी गाड़ी से किसी तरह की टक्कर हुई है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, चालक ठीक से बोल भी नहीं पा रहा था। पुलिस अब उसकी मेडिकल जांच करा रही है, ताकि शराब सेवन की स्थिति स्पष्ट हो सके।


इधर, घटना की सूचना ट्रैफिक पुलिस को भी दे दी गई है। क्षतिग्रस्त वाहन को ट्रैफिक थाने ले जाने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस का कहना है कि मेडिकल जांच और मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


अनिल की रिपोर्ट