दिल्ली के बाद अब पटना की सड़कों पर दिखेगा युवा आक्रोश, CPI (ML) का पटना में 13 अक्टूबर को बड़ा युवा आंदोलन एलान
दिल्ली के बाद अब पटना में भी बड़ा छात्र आंदोलन देखने को मिलेगा। वामदल और छात्र संगठनों के आह्रान पर 13 अक्टूबर को राजधानी पटना के सड़क पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की इस्तीफे की मांग को लेकर युवा विरोध मार्च करेंगे........
Patna : दिल्ली के बाद अब बिहार की राजधानी पटना में भी वोट चोरी और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर बड़े पैमाने पर युवाओं के उतरने की तैयारी है। भाकपा-माले (CPI-ML) के विधायक संदीप सौरभ ने घोषणा की है कि आगामी मंगलवार 13 अक्टूबर को वामदल और छात्र संगठनों के आह्वान पर पटना में एक विशाल आंदोलन किया जाएगा। यह विरोध मार्च पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान से निकाला जाएगा।
"सभी लोग दिल्ली नहीं जा सकते, इसलिए पटना में बड़ा आंदोलन"
विधायक संदीप सौरभ ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हर कोई दिल्ली जाकर प्रदर्शन नहीं कर सकता है, इसलिए बिहार के युवाओं और छात्रों के लिए 13 अक्टूबर को एक बड़े आंदोलन का कॉल किया गया है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में जिस तरह से केंद्र सरकार ने सीआरपीएफ और केंद्रीय एजेंसियों को उतारकर हालात पैदा किए, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। देश के युवा वोट चोरी के खिलाफ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांग रहे हैं, लेकिन सरकार उनके साथ दमनकारी व्यवहार कर रही है।
जीतन राम मांझी के 'तेलचट्टा' वाले बयान पर कड़ी आपत्ति
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी द्वारा आंदोलन करने वाले युवाओं को 'झींगुर' और 'तेलचट्टा' कहे जाने पर संदीप सौरभ ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि मांझी जी लगातार नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी वफादारी साबित करने के दबाव में रहते हैं, इसलिए उनके बयानों को कोई गंभीर राजनेता या राजनीतिक दल बहुत ज्यादा वजन नहीं देता। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कोई देश के युवाओं के लिए ऐसे अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कैसे कर सकता है।
विधान परिषद चुनाव और महागठबंधन की रणनीति पर बोले माले विधायक
बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि महागठबंधन और एनडीए के लोग अलग-अलग चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन उनकी पार्टी अपनी सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी। साथ ही, जहां भी महागठबंधन का उम्मीदवार मजबूत स्थिति में होगा, उनकी पार्टी उस उम्मीदवार का पूरा समर्थन करेगी।
अभिजीत की रिपोर्ट