Bihar News : पटना में अखिल भारतीय शौण्डिक सम्मेलन का हुआ आयोजन, जनप्रतिनिधियों को किया गया सम्मानित, समाज को अति पिछड़ा वर्ग में शामिल करने की उठी मांग
Bihar News : पटना में अखिल भारतीय शौण्डिक सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें शौण्डिक समाज से नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया.....पढ़िए आगे
PATNA : पटना में अखिल भारतीय शौण्डिक सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में समाज के जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों और विधायकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षणिक चेतना को मजबूत करना तथा समाज के लोगों को एकजुट करना था। इस अवसर पर बिहार सरकार के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि अखिल भारतीय शौण्डिक संघ एक पुराना और सक्रिय संगठन है, जो समाज के छात्रों को आगे बढ़ाने, छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने तथा आवासीय सुविधाएं देने जैसे कई सामाजिक कार्य लगातार करता रहा है। उन्होंने कहा कि आज शौंडिक समाज से दो-दो मंत्री और एनडीए के चार विधायक चुने गए हैं, जिससे समाज में स्वाभाविक रूप से उत्साह का माहौल है।
मंत्री ने कहा कि वर्षों से शौण्डिक समाज की मांग रही है कि उसे अति पिछड़ा वर्ग में शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि अन्य समान सामाजिक समूहों को अति पिछड़ा वर्ग का दर्जा मिला हुआ है, जबकि शौण्डिक समाज इससे वंचित है। समाज लगातार अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है और इसी कड़ी में 8 जून को बापू सभागार में भी एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित कर अपनी मांगों को मजबूती से रखा गया था। अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि एनडीए सरकार द्वारा समाज को दो मंत्री और चार विधायक मिलने से समाज को सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि अति पिछड़ा वर्ग में शामिल करने का विषय केवल राज्य सरकार नहीं बल्कि केंद्र सरकार से भी जुड़ा हुआ है, इसलिए इस दिशा में लगातार प्रयास और संघर्ष की आवश्यकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो भी संभव होगा, उसके लिए प्रयास किए जाएंगे।
वहीं लोजपा (रामविलास) के विधायक प्रकाश चंद्र ने कहा कि यह कार्यक्रम शौण्डिक समाज की राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षणिक उन्नति के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतकर आए जनप्रतिनिधियों को सम्मानित करने का उद्देश्य नई पीढ़ी को प्रेरित करना और समाज में राजनीतिक चेतना जगाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी करें।
उन्होंने कहा कि शौण्डिक समाज की लंबे समय से मांग रही है कि उसे अति पिछड़ा वर्ग का दर्जा दिया जाए। मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस मांग को दोबारा रखा जाएगा। प्रकाश चंद्र ने कहा कि समाज में कुछ लोग आर्थिक रूप से संपन्न हैं, लेकिन बड़ी संख्या में लोग अभी भी गरीब और पिछड़े हैं, जिनके उत्थान के लिए विशेष अवसरों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज के कमजोर और पिछड़े लोगों को आगे बढ़ाना होना चाहिए। चाहे व्यक्ति किसी भी जाति या समाज का हो, यदि वह पीछे है तो उसे साथ लेकर चलना और उसके विकास के लिए काम करना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।
वंदना की रिपोर्ट