अनंत सिंह एक्सक्लूसिव इन्टरव्यू : मूंछों पर ताव देकर कहा - मैं नहीं लडूंगा चुनाव, इसे उतारूंगा मोकामा से, निशांत की सियासी एंट्री पर खूब बोले

अनंत सिंह ने ऐलान किया कि वे अब चुनाव नहीं लड़ेंगे. लेकिन उनके परिवार के लोग चुनाव में उतरेंगे. उनकी जगह मोकामा से कौन विधानसभा चुनाव में उतरेगा के सवाल पर उन्होंने बड़ा ऐलान किया

Anant Singh
Anant Singh - फोटो : news4nation

Anant Singh :  मोकामा से निर्वाचित जदयू विधायक अनंत सिंह ने बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश के बेटे निशांत कुमार के सियासी एंट्री लेने पर हर्ष जाहिर किया. news4nation के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में उन्होंने कहा कि वे जेल से बाहर आने के बाद अब जनता का काम करेंगे. अपनी मूंछों पर ताव देते हुए उन्होंने दोहराया कि उनका ध्यान क्षेत्र में काम करने पर होगा. साथ ही सियासी तौर चुनावी राजनीति से दूर होने पर बड़ा ऐलान किया. 


बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत की राजनीति में हुई एंट्री पर उन्होंने इसे बढ़िया कदम बताया. निशांत इसी महीने जदयू में शामिल हुए हैं और लगातार पार्टी के विविध कार्यक्रमों के साथ ही कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में सक्रिय हैं. उन्हें लेकर जदयू के एक वर्ग की मांग रही है कि निशांत को बिहार का मुख्यमंत्री बनाया जाए क्योंकि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद वे उनकी जगह योग्य होंगे. अनंत सिंह से जब पूछा गया कि निशांत का राजनीति में आना कैसा है तो उन्होंने इसे नीतीश कुमार का बढ़िया निर्णय बताते हुए निशांत के सियासी सफर की शुरुआत को बढ़िया बताया. 


अनंत सिंह नहीं लड़ेंगे चुनाव

बाहुबली छवि के अनंत सिंह एक बार फिर से दोहराया है कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगे. नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद उन्होंने पिछले दिनों भी कहा था कि वे अब चुनाव में नहीं उतरेंगे. उन्होंने फिर से दोहराते हुए कहा कि उनका राजनीतिक जीवन बरकरार रहेगा लेकिन अब वे खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे. गौरतलब है कि अनंत सिंह वर्ष 2005 में पहली बार विधायक बने उसके बाद से वे 2010, 2015, 2020 और 2025 में मोकामा से विधानसभा चुनाव जीतकर सदन में पहुंचे. 


कौन बेटा लड़ेगा चुनाव

अनंत सिंह ने ऐलान किया कि वे अब चुनाव नहीं लड़ेंगे. लेकिन उनके परिवार के लोग चुनाव में उतरेंगे. उनकी जगह मोकामा से कौन विधानसभा चुनाव में उतरेगा के सवाल पर उन्होंने कहा कि जो लायक होगा वह चुनाव लड़ेगा. अनंत सिंह के तीन बेटों में दो जुड़वाँ हैं. माना जा रहा है कि उनके जुड़वाँ बेटों में ही कोई एक चुनाव में उतरेंगे. हालांकि अनंत सिंह किसे अपना उत्तराधिकारी बनाकर पेश करते हैं इसे उन्होंने सस्पेंस बनाकर रखा है. उन्होंने सिर्फ यही कहा कि जो लायक होगा वही चुनाव लड़ेगा. 


जेल से आए हैं बाहर

समर्थकों के बीच छोटे सरकार के नाम से मशहूर अनंत सिंह को पिछले सप्ताह ही दुलारचंद हत्याकांड में जमानत मिली. वे सोमवार, 23 मार्च को जेल से बाहर आए जिसके बाद मंगलवार को मोकामा इलाके में 50 किलीमीटर का रोडशो करते हुए बड़हिया महारानी मंदिर तक गए. इस दौरान सैंकड़ों जगहों पर अनंत सिंह के स्वागत में लोगों की भीड़ उमड़ी. उहोने कई मंदिरों में पूजा की और जनता का अभिवादन करते हुए गुजरे. 

रंजीत की रिपोर्ट