अस्पताल परिसर बना जंग का अखाड़ा, पुलिस के सामने चले लात-घूंसे, शादी के कार्ड को लेकर हुआ था विवाद
सुपौल के किशनपुर में दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि अस्पताल में पुलिस के सामने ही मारपीट हो गई। घटना के पीछे शादी का निमंत्रण और पुरानी रंजिश बताई जा रही है।
Supual - बिहार के सुपौल जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र में आपसी विवाद ने उस वक्त हिंसक रूप ले लिया, जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) परिसर में ही दो गुट आपस में भिड़ गए। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले, जिससे अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक, करहैया पंचायत के वार्ड-9 में शुरू हुआ यह झगड़ा पहले गांव की गलियों से होता हुआ थाने पहुंचा और फिर इलाज के दौरान अस्पताल के भीतर खूनी संघर्ष में बदल गया।
इलाज के दौरान हुआ हमला, अस्पताल में मची भगदड़
विवाद के बाद जब दोनों पक्ष किशनपुर थाना पहुंचे, तो पुलिस ने नियमानुसार उन्हें मेडिकल जांच और इलाज के लिए अस्पताल भेजा। अस्पताल में पहले से ही आनंदी पासवान और उनके पुत्र रंजीत पासवान सहित करीब एक दर्जन लोग भर्ती थे। इसी बीच दूसरे पक्ष के सुरेश पासवान जैसे ही वहां पहुंचे, रंजीत पासवान और उनके समर्थकों ने उन पर हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले से मरीज और स्वास्थ्य कर्मी अपनी जान बचाकर भागने लगे।
गांजा और अभद्र व्यवहार के विरोधाभासी आरोप
घटना के कारणों को लेकर दोनों पक्षों के अपने-अपने दावे हैं। एक पक्ष के आनंदी पासवान का आरोप है कि उनके मकई के खेत में लावारिस हालत में 2-3 किलो गांजा मिला था, जिसके बारे में पूछताछ करने पर दूसरे पक्ष ने विवाद शुरू कर दिया। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से सुरेश पासवान के परिजनों का कहना है कि उनकी मां (आंगनबाड़ी सेविका) के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। विवाद की जड़ में शादी के निमंत्रण को लेकर पुरानी रंजिश की बात भी सामने आ रही है।
पुलिस के साथ नोकझोंक और तनावपूर्ण स्थिति
अस्पताल में मारपीट की सूचना मिलते ही किशनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे पुलिसकर्मियों के साथ भी आनंदी पासवान की नोकझोंक हुई। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को अलग किया और सुरक्षा घेरे में लेकर थाने आई। पुलिस की सक्रियता के बावजूद अस्पताल परिसर में हुई इस भिड़ंत ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
जांच में जुटी पुलिस, दोषियों पर होगी कार्रवाई
किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बयानों को दर्ज किया गया है और अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज व गवाहों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Report - Vinay kumar mishra