सीएम सम्राट चौधरी से मिले बाहुबली अनंत सिंह, मोकामा के लिए कर दी बड़ी मांग, शराबबंदी का भी हो खात्मा
समर्थकों के बीच छोटे सरकार के नाम से मशहूर अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर अपने विधानसभा क्षेत्र मोकामा के लिए बड़ी मांग की है.
Anant Singh : मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की है. बाहुबली विधायक ने शुक्रवार को कहा कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र की जुड़ी एक मांग को भी मुख्यमंत्री के सामने रखे हैं. उन्होंने कहा कि हमने सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनने की बधाई दी है. साथ ही राज्य में शराबबंदी खत्म करने की जरूरत पर बल दिया. उन्होंने कहा कि मोकामा में एक अस्पताल निर्माण को लेकर हमने सीएम से आग्रह किया है. उन्होंने हमारी मांग पर गंभीरता दिखाई है.
शराबबंदी खत्म हो
समर्थकों के बीच छोटे सरकार के नाम से मशहूर अनंत सिंह ने कहा कि बिहार में तुरंत शराबबंदी खत्म हो जानी चाहिए. शराबबंदी से बहुत घाटा है. जब से शराबबंदी हुआ है तब से युवा सूखा नशा कर रहे हैं अब पूरी युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है. ऐसे में शराबबंदी को खत्म करने पर विचार किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि हम सीएम सम्राट से अपील करेंगे कि वे शराबबंदी से हो रही सामाजिक परेशानियों पर गौर करें और इसे खत्म करें.
निशांत को मिले नई जिम्मेदारी
उन्होंने कहा कि जदयू अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत को मंत्रिमंडल में शामिल होना चाहिए. नहीं होने से लोग बहुत दुखी हैं. हम नीतीश कुमार से मिलकर कहेंगे कि उनको किसी हालत में मंत्रिमंडल में शामिल होना चाहिए लेकिन वह तैयार नहीं है. उन्होंने ने कहा कि इस बिहार का मालिक सिर्फ नीतीश कुमार है और सरकार उन्हीं के कहने पर उन्हीं के छत्रछाया में उन्हीं के मार्गदर्शन में चलेगी. सम्राट चौधरी युवा हैं और नीतीश के मार्ग दर्शन में काम करेंगे.
मंत्री बनना नहीं चाहते अनंत
सम्राट मंत्रिमंडल में अनंत सिंह को मंत्री के रूप में शामिल किये जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे ऐसा कुछ नहीं चाहते हैं. उन्होंने दो टूक कहा कि वे इस लायक नहीं हैं.