Anant Singh Wedding: अनंत सिंह की बेटी की शादी में पत्तल बांटना होमगार्ड को पड़ा भारी, वर्दी में वायरल VIDEO के बाद हो गई ये बड़ी कार्रवाई

Anant Singh Wedding: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी में एक होमगार्ड जवान को मेहमानों को पत्तल परोसना भारी पड़ गया। ...

Anant Singh Wedding:
पत्तल बांटना होमगार्ड को पड़ा भारी- फोटो : social Media

Anant Singh Wedding: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी में एक होमगार्ड जवान को मेहमानों को पत्तल परोसना भारी पड़ गया। वर्दी पहनकर पत्तल बांटते जवान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो यातायात पुलिस के अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। वीडियो की जांच में घटना सही पाए जाने के बाद होमगार्ड सतीश कुमार पर अनुशासनिक कार्रवाई की गई है। ट्रैफिक एसपी ने गुरुवार को उसे तत्काल प्रभाव से जिला मुख्यालय में क्लोज कर दिया। साथ ही अगले आदेश तक यातायात ड्यूटी से हटा दिया गया है और कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है।

दरअसल, 25 नवंबर को बाढ़ के लदमा गांव में अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी का समारोह आयोजित किया गया था। शादी में बड़ी संख्या में मेहमानों और आम लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था संभालने के लिए कई पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान यातायात परिचालन के लिए तैनात होमगार्ड सतीश कुमार वर्दी में ही मेहमानों को खाने का पत्तल परोसने लगा। किसी व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद यातायात पुलिस के अधिकारियों ने उसका सत्यापन कराया। जांच में वीडियो सही पाए जाने पर जवान के खिलाफ कार्रवाई का आदेश जारी किया गया। यातायात पुलिस का कहना है कि इस तरह की गतिविधि से विभाग की छवि प्रभावित होती है। साथ ही यह ड्यूटी के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता को भी दर्शाता है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए जवानों की जिम्मेदारी और जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है।

गौरतलब है कि अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी काफी भव्य अंदाज में आयोजित की गई थी। लदमा गांव में समारोह के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी थी। शादी से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुए थे। इस समारोह में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, रामकृपाल यादव और बृजभूषण शरण सिंह समेत कई चर्चित राजनीतिक हस्तियों ने शिरकत की थी। अब इसी शादी में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के पत्तल परोसने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग की कार्रवाई चर्चा में है।