अशोक चौधरी, दीपक प्रकाश ने संभाला मंत्री पद, नीतीश के खास नेता ने भी ग्रहण किया पदभार, निशांत पर बड़ा फैसला

सम्राट कैबिनेट में भाजपा के 15, जदयू के 13, लोजपा (रामविलास) के 2, हम के 1 और RLM के 1 मंत्री शामिल हैं. मंत्री बनने वालों में नीतीश कुमार के बेटे निशांत भी शामिल हैं.

Ashok Choudhary and Deepak Prakash
Ashok Choudhary and Deepak Prakash- फोटो : news4nation

Bihar News :  सम्राट चौधरी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार होने के बाद शुकवार को कई मंत्री अपने विभाग के संबंधित कार्यालय में जाकर पदभार ग्रहण कर रहे हैं। इसमें पंचायत विभाग के मंत्री दीपक प्रकाश और अशोक चौधरी ने खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री का पदभार संभाला. वहीं  केदार प्रसाद गुप्ता ने पर्यटन मंत्री, मदन सहनी ने मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री,  नंदकिशोर राम ने पशुपालन मंत्री का पदभार संभाला. वहीं जदयू के श्रवण कुमार ने सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के मंत्री का पदभार संभाला. 


गौरतलब है कि सम्राट कैबिनेट में भाजपा के 15, जदयू के 13, लोजपा (रामविलास) के 2, हम के 1 और RLM के 1 मंत्री शामिल हैं. मंत्री बनने वालों में नीतीश कुमार के बेटे निशांत भी शामिल हैं. उन्हें नई सरकार में स्वास्थ्य विभाग का जिम्मा दिया गया है. इसके अतिरिक्त कई अन्य नेताओं को पहली बार मंत्री बनाया गया है जिसमें कुमार शैलेन्द्र, बुलो मंडल, श्वेता गुप्ता, रमा निषाद जैसे नाम प्रमुख हैं. करीब करीब सभी मंत्रियों का शुक्रवार को भी पदभार ग्रहण करने का कार्यक्रम हैं. 


मंत्री बनने वालों में नीतीश के बेटे निशांत और उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश दो ऐसे चेहरे हैं जो फ़िलहाल किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं. यानी दोनों न तो विधायक हैं और ना ही एमएलसी हैं. माना जा रहा है कि दोनों को अगले दो-तीन महीने में होने वाले एमएलसी चुनाव में क्रमशः जदयू और रालोमो से एमएलसी बनाया जा सकता है. दोनों अगले छह महीने तक बिना किसी सदन रहे भी मंत्री रह सकते हैं. लेकिन इस अवधि में उन्हें किसी सदन का सदस्य बनना होगा ताकि वे मंत्री पद पर बने रह सकें. 


इस बीच मंत्रियों का विभागों का बंटवारा करने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की. दोनों के बीच यह शिष्टाचार मुलाकात रही. सम्राट ने खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी मुलाकात का जिक्र किया.