बेली रोड पर बदलेगा ट्रैफिक का नक्शा, मेट्रो स्टेशन निर्माण के लिए आधी सड़क, चलेंगे दोनों तरफ के वाहन

Patna traffic plan: पटना की लाइफलाइन माने जाने वाले बेली रोड (नेहरू पथ) पर मेट्रो निर्माण अब एक नए चरण में दाखिल होने जा रहा है।...

Bailey Road Set for Change Half Road to Handle Two Way Traff
बेली रोड पर बदलेगा ट्रैफिक का नक्शा- फोटो : social Media

Patna traffic plan : पटना की लाइफलाइन माने जाने वाले बेली रोड (नेहरू पथ) पर मेट्रो निर्माण अब एक नए चरण में दाखिल होने जा रहा है। सरकार और मेट्रो प्रशासन ने यह दावा किया है कि विकास कार्य भी जारी रहेगा और शहर की रफ्तार भी थमेगी नहीं। इसी मकसद से ट्रैफिक पुलिस और मेट्रो प्रशासन ने एक 'फ्लेक्सिबल ट्रैफिक प्लान' तैयार किया है, जिसे राजधानी के सबसे व्यस्त मार्ग पर लागू किया जाएगा। सियासी गलियारों में भी इस योजना पर निगाहें टिक गई हैं, क्योंकि राजधानी की यातायात व्यवस्था सीधे सरकार की कार्यशैली और इंतजामिया की साख से जुड़ी मानी जाती है।

नई व्यवस्था के तहत आयकर गोलंबर, विकास भवन और पटना जू गेट नंबर-1 के सामने बनने वाले मेट्रो स्टेशनों के निर्माण के दौरान बेली रोड के केवल आधे हिस्से से ही दोनों दिशाओं के वाहनों का परिचालन कराया जाएगा। करीब 30 मीटर चौड़ी इस सड़क को दो लेन में बांटकर एक ही फ्लैंक से आने-जाने वाले वाहनों को निकाला जाएगा, ताकि निर्माण कार्य और ट्रैफिक के बीच तालमेल कायम रखा जा सके।

इस पूरी योजना की सबसे अहम कड़ी कृत्रिम मेडियन होगा। यह अस्थायी डिवाइडर जरूरत के मुताबिक एक ओर से दूसरी ओर खिसकाया जा सकेगा। जब सड़क के उत्तर दिशा में निर्माण होगा, तब डिवाइडर दक्षिण की ओर रहेगा और दक्षिणी हिस्से से दोनों तरफ का ट्रैफिक गुजरेगा। वहीं दक्षिण दिशा में काम शुरू होने पर डिवाइडर को उत्तर की ओर शिफ्ट कर दिया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि यह लचीली व्यवस्था ट्रैफिक जाम की आशंका को काफी हद तक कम करेगी।

गुरुवार को ट्रैफिक एसपी सागर कुमार की अध्यक्षता में मेट्रो निर्माण कंपनी के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में इस पूरे खाके को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में विकास भवन, नियोजन भवन, विश्वेश्वरैया भवन और लोक भवन के स्टाफ क्वार्टर की चहारदीवारी समेत कुछ हिस्सों को सुरक्षित तरीके से हटाने की रणनीति पर भी विस्तार से मंथन किया गया, ताकि निर्माण कार्य में किसी तरह की रुकावट न आए।