जहां बीता बचपन, वहीं लौटे नितिन नवीन... कदमकुआं की गलियों में पहुंचकर हुए भावुक, बांकीपुर उपचुनाव में बड़ी अपील

कदमकुआं की गलियों से जुड़ी अपनी पुरानी यादों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि उनका बचपन इसी इलाके में बीता है। उन्होंने बताया कि उनका परिवार कभी यहां किराए के मकान में रहता था और उन्होंने इन्हीं गलियों में खेलते हुए पटना को समझा और जाना।

Nitin Nabin in Bankipur bypoll
Nitin Nabin in Bankipur bypoll - फोटो : news4nation

Bankipur Bypoll : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पटना के कदमकुआं इलाके में पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना। इसके बाद उन्होंने भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा के समर्थन में बांकीपुर क्षेत्र में घर-घर जाकर जनसंपर्क किया। इस दौरान नितिन नवीन अपने पैतृक घर भी पहुंचे।


कदमकुआं की गलियों से जुड़ी अपनी पुरानी यादों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि उनका बचपन इसी इलाके में बीता है। उन्होंने बताया कि उनका परिवार कभी यहां किराए के मकान में रहता था और उन्होंने इन्हीं गलियों में खेलते हुए पटना को समझा और जाना। अपने पुराने घर और इलाके में पहुंचकर नितिन नवीन भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि कदमकुआं और आसपास के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद हमेशा उनके साथ रहा है।


‘मन की बात’ में देश के सकारात्मक प्रयासों को देखने का मौका

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ को लेकर नितिन नवीन ने कहा कि यह कार्यक्रम देश के लोगों की ओर से किए जा रहे नए प्रयोगों और सामाजिक बदलाव की प्रेरक कहानियों को सामने लाता है। उन्होंने कहा कि देश के लोग समाज को जोड़ने और पर्यावरण को मजबूत करने के लिए जो प्रयास कर रहे हैं, उनकी जानकारी ‘मन की बात’ के जरिए पूरे देश को मिलती है।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हथकरघा और खादी को बढ़ावा देने का आह्वान किया है। नितिन नवीन ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में खादी और हथकरघा भारत की पहचान को और मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार के 100 दिन पूरे हो चुके हैं और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य में खादी और हथकरघा को भी विशेष महत्व मिलेगा।


बांकीपुर में BJP प्रत्याशी के लिए घर-घर जनसंपर्क

‘मन की बात’ कार्यक्रम के बाद नितिन नवीन ने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा के समर्थन में डोर-टू-डोर कैंपेन किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर भाजपा के पक्ष में समर्थन मांगा। जनसंपर्क अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने नितिन नवीन का गर्मजोशी से स्वागत किया। भाजपा नेताओं का दावा है कि बांकीपुर में पार्टी प्रत्याशी को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और लोग भाजपा के पक्ष में मतदान का मन बना चुके हैं। नितिन नवीन ने कहा कि भारत का उज्ज्वल भविष्य देश के युवा ही बनाएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा देश को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


वंदना की रिपोर्ट