PM मोदी के बिहार दौरे से पहले भाई वीरेंद्र का बड़ा हमला, राजद विधायक का दावा - नीतीश की जदयू को खत्म करने का प्लान

जेडीयू में निशांत कुमार को बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा पर भाई वीरेंद्र ने इसका समर्थन किया। भाई वीरेंद्र ने प्रधानमंत्री के दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनका बिहार आना राज्य के विकास के लिए नहीं आ रहे हैं.

Bhai Virendra
Bhai Virendra - फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ विधायक और बिहार विधानसभा की प्राक्कलन समिति के सभापति भाई वीरेंद्र ने प्रधानमंत्री के दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनका बिहार आना राज्य के विकास के लिए नहीं, बल्कि अपने उद्योगपतियों को बसाने और बचाने के लिए है। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्योगपतियों ने देश को लूटा है और अब बिहार में उन्हें बसाने की कोशिश की जा रही है। भाई वीरेंद्र ने कहा कि प्रधानमंत्री को बिहार आने दीजिए, देखते हैं कि वे राज्य को क्या देते हैं। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि बिहार को इस दौरे से कुछ मिलने वाला नहीं है।


जेडीयू में भीतरघात  

बिहार विधान परिषद चुनाव में जेडीयू के प्रदर्शन और पार्टी की समीक्षा बैठक में भाजपा पर भीतरघात का आरोप लगाए जाने पर भी भाई वीरेंद्र ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह पहले से कहते आ रहे हैं कि जेडीयू खत्म हो रही है और पार्टी में अब कुछ बचा नहीं है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की तबीयत खराब रहने के बाद कुछ लोग इसका फायदा उठा रहे हैं। पार्टी के कुछ नेता पूरी तरह भाजपा के हाथों में खेल रहे हैं, इसी वजह से जेडीयू की स्थिति खराब हो रही है। भाई वीरेंद्र ने तंज कसते हुए कहा कि आगे-आगे देखिए क्या होता है। नीतीश कुमार दो बार खेल कर चुके हैं, हो सकता है तीसरी बार भी कोई खेल हो जाए।


निशांत कुमार को मिले बड़ी जिम्मेदारी  

जेडीयू में निशांत कुमार को बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा पर भाई वीरेंद्र ने इसका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि निशांत को जिम्मेदारी मिलनी चाहिए। यह उनकी पार्टी का आंतरिक फैसला है और अगर उन्हें कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जाती है तो अच्छी बात है।


मधुबनी फायरिंग पर सरकार को घेरा

मधुबनी में फायरिंग की घटना को लेकर भाई वीरेंद्र ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर घटना है। राज्य में स्थिति ऐसी हो गई है कि पुलिस वाला ही अपराधी बन गया है। बिहार में अपराध चरम पर है और उसे देखने वाला कोई नहीं है। उन्होंने सरकार से अपराध पर नियंत्रण करने की मांग की।


सुधाकर सिंह मामले में बड़ी टिप्पणी

आरजेडी विधायक सुधाकर सिंह की ओर से लोकसभा अध्यक्ष को की गई शिकायत और मुख्य सचिव को नोटिस जारी होने पर भी भाई वीरेंद्र ने प्रतिक्रिया दी। सुधाकर सिंह ने आरोप लगाया था कि नवादा में उन्हें जबरन हिरासत में लिया गया था। इस मामले में लोकसभा अध्यक्ष सचिवालय की ओर से मुख्य सचिव को नोटिस जारी किए जाने को भाई वीरेंद्र ने सही कदम बताया।


उन्होंने कहा कि किसी मौजूदा लोकसभा सदस्य के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, उस पर जवाब मांगा जाना जरूरी है। लोकसभा अध्यक्ष सचिवालय ने नोटिस जारी कर उचित काम किया है। सरकार को बताना होगा कि सांसद के साथ ऐसा व्यवहार किन परिस्थितियों में किया गया।

रंजन की रिपोर्ट