मंत्री बनते ही निशांत से मिली भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह, नीतीश के बेटे से चाहती है यह काम
अक्षरा सिंह ने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि उन्होंने निशांत से मुलाकात की. उन्हें मंत्री बनने की बधाई दी तथा बिहार को लेकर बात हुई.
Akshara Singh met Nishant : नीतीश कुमार के बेटे निशांत के बिहार का स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने शनिवार को उनसे मुलाकात की. दोनों के बीच मुलाकात की तस्वीरें खुद निशांत ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने लिखा है कि 'आज बिहार की बेटी और भोजपुरी सिनेमा की प्रसिद्ध अभिनेत्री अक्षरा सिंह जी से मेरे निवास पर सौजन्य मुलाकात हुई। हम सभी लोग बिहार की तरक्की चाहते हैं। बिहारी भाषाओं की फिल्मों के निर्माण समेत कई विषयों पर इनसे सार्थक बात हुई।'
वहीं अक्षरा सिंह ने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि उन्होंने निशांत से मुलाकात की. उन्हें मंत्री बनने की बधाई दी तथा बिहार को लेकर बात हुई. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में लंबे अरसे के बाद भाजपा की जीत हुई. इसके लिए भाजपा को बधाई है. अक्षरा ने निशांत से हुई अपनी मुलाकात पर काफी खशी जाहिर की और इसे एक सामान्य शिष्टाचार मुलाकात बताया. साथ ही बिहार को लेकर निशांत से जो अपेक्षाएं हैं उसे पूरा होने की उम्मीद जताई.
गौरतलब है कि निशांत स्वास्थ्य मंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद जोरदार एक्शन में दिख रहे हैं. छुट्टी का दिन होने के बाद भी उन्होंने शनिवार को लगातार दूसरे दिन अपने विभाग का निरीक्षण किया और अधिकारियों संग बैठक की. निशांत ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ पटना मेडिकल कॉलेज के साथ-साथ बिहार के सभी बड़े अस्पतालों के बारे में पूरी जानकारी ली. अस्पतालों में इलाजों की क्या व्यवस्था है इसको लेकर उन्होंनेजानकारी ली. निशांत ने अधिकारियों के निर्देश दिया है कि गरीबों को हर स्तर पर इलाज की समुचित व्यवस्था कराई जाए.

विभाग के निरीक्षण के बाद उन्होंने कहा कि मुझे जो जिम्मेदारी दी गई है उसे ईमानदारी से निभाने की कोशिश कर रहा हूं. स्वास्थ्य विभाग को बेहतर बनाने की कोशिश करूंगा. चाहे अमीर हो, गरीब हो कोई भी हो किसी भी कास्ट का हो सबको बेहतर स्वास्थ्य सेवा दे सकें. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र हो या शहरी क्षेत्र हो सब जगह एक बेहतर स्वास्थ्य सेवा देने की हमारी कोशिश होगी.