Bihar Board 10th Exam 2026: मुन्ना भाइयों की अब खैर नहीं ! DM-SP ने दी खुली चेतावनी, छोटी सी चूक भी पड़ेगी बहुत भारी
Bihar Board 10th Exam 2026: बिहार बोर्ड की 10वीं की परीक्षा कल यानी 17 फरवरी से शुरु हो रही है। परीक्षा को लेकर डीएम एसपी ने सख्त चेतावनी दी है। परीक्षा में छोटी सी चूक भी भारी पड़ सकती है।
Bihar Board 10th Exam 2026: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 2026 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए नवादा जिला प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश और पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने सभी संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की अनियमितता या कदाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
500 गज के दायरे में निषेधाज्ञा
प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास सख्ती बढ़ाते हुए 500 गज की परिधि में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। यह आदेश 17 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान केंद्रों के आसपास हथियार, लाठी, चाकू, विस्फोटक या अन्य खतरनाक वस्तुएं लेकर घूमना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
भूलकर भी ना करें ये काम
इसके अलावा पांच या अधिक लोगों का संदिग्ध तरीके से एकत्र होना मना रहेगा। लाउडस्पीकर और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर रोक रहेगी। परीक्षा से जुड़ी सामग्री का वितरण, प्रचार या मटरगश्ती पर प्रतिबंध रहेगा। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र के अलावा मोबाइल, किताब, नोट्स या चिट ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
कड़ी तलाशी और दुकानों पर भी निगरानी
डीएम और एसपी ने संयुक्त ब्रीफिंग में केंद्राधीक्षकों को मुख्य द्वार पर सख्त जांच और फ्रिस्किंग अनिवार्य करने का निर्देश दिया है। परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों के आसपास फोटोस्टेट दुकानें और साइबर कैफे भी बंद रखे जाएंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ गिरफ्तारी, जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
दो पालियों में होगी परीक्षा
परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी पहली पाली सुबह 9:30 से दोपहर 12:45 तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 से शाम 5:15 तक चलेगी। प्रशासन ने अभिभावकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्रों के आसपास शांति बनाए रखें और सहयोग करें, ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष माहौल में संपन्न हो सके।
नवादा से अमन की रिपोर्ट