बिहार बोर्ड ने छात्रों को दिया आखिरी मौका, इस दिन तक करा लें मैट्रिक-इंटर का रजिस्ट्रेशन

Bihar Board: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले उन विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है, जिनका अब तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन या अनुमति आवेदन पूरा नहीं हो पाया है। ...

Bihar Board
मैट्रिक-इंटर के छात्रों को अंतिम मौका- फोटो : social Media

Bihar Board: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले उन विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है, जिनका अब तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन या अनुमति आवेदन पूरा नहीं हो पाया है। बोर्ड ने ऐसे छात्रों के लिए एक बार फिर अंतिम अवसर दिया है। छूटे हुए विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन और अनुमति आवेदन 18 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक किया जा सकेगा। इस दौरान निर्धारित शुल्क के साथ विलंब शुल्क भी जमा करना होगा।बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एसएम ने बताया कि इंटरमीडिएट और मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2027 के लिए जिन विद्यार्थियों का अब तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं हो सका है, उनके लिए शिक्षण संस्थानों को यह विशेष और अंतिम अवसर दिया गया है। शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अब तक पंजीयन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे। विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने यह मौका दिया है ताकि ज्यादा से ज्यादा योग्य विद्यार्थी आगामी परीक्षा में शामिल हो सकें।

इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शिक्षण संस्थानों के प्रधान अपनी यूजर आईडी और पासवर्ड के माध्यम से बोर्ड की वेबसाइट पर कर सकेंगे। आवेदन के साथ निर्धारित शुल्क भी ऑनलाइन जमा करना होगा।

मैट्रिक परीक्षा 2027 के लिए मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधान अपनी यूजर आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल कर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और शुल्क जमा कर सकेंगे। बोर्ड की ओर से निर्धारित ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए छूटे विद्यार्थियों का आवेदन पूरा किया जाएगा।बोर्ड ने संबंधित शिक्षण संस्थानों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि निर्धारित अवधि के भीतर छूटे हुए विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन और अनुमति आवेदन हर हाल में पूरा कराया जाए। चूंकि इसे अंतिम मौका बताया गया है, इसलिए छात्रों और स्कूल प्रशासन के लिए 22 अगस्त की समयसीमा अहम है।