Bihar News : बिहार बोर्ड ने जारी किया पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन, इस दिन से शुरू होंगे आवेदन

Bihar News : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) द्वारा विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा, 2026 के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। जानिए कब से भरा जायेगा आवेदन......

Bihar News : बिहार बोर्ड ने जारी किया पुस्तकालयाध्यक्ष पात्र
इंतजार खत्म - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा, 2026 के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। समिति के अध्यक्ष डॉ० त्यागराजन एस०एम० ने परीक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि राज्य में पुस्तकालयाध्यक्ष पदों की पात्रता तय करने के लिए इस परीक्षा का आयोजन निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से किया जा रहा है।

योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थी 1 अक्टूबर 2026 से 21 अक्टूबर 2026 तक अपना ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट https://sletregistration.cbrt.co.in निर्धारित की गई है। परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए आवेदकों का बिहार का मूल निवासी होना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त, शैक्षणिक योग्यता के रूप में मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से न्यूनतम 45 प्रतिशत अंकों (आरक्षित वर्गों को 5 प्रतिशत की छूट) के साथ स्नातक तथा पुस्तकालय विज्ञान में स्नातक (B.Lib.I.Sc.) की डिग्री होना आवश्यक है। अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में 10 वर्ष की छूट दी जाएगी।

यह परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी, जिसके लिए 150 मिनट यानी कुल ढाई घंटे का समय दिया जाएगा। परीक्षा में बहुविकल्पीय प्रकार के कुल 150 प्रश्न पूछे जाएंगे और प्रत्येक प्रश्न 1 अंक का होगा। परीक्षा पाठ्यक्रम में मुख्य रूप से दो भाग होंगे, जिसमें 100 अंक पुस्तकालय विज्ञान विषय से तथा 50 अंक सामान्य ज्ञान पर आधारित होंगे। इस परीक्षा की सबसे बड़ी राहत यह है कि इसमें कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं रखी गई है।

समिति द्वारा विभिन्न श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम अर्हता अंक तय कर दिए गए हैं। इसके तहत सामान्य वर्ग के लिए 50 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य होगा। वहीं पिछड़ा वर्ग के लिए 45.5 प्रतिशत, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 42.5 प्रतिशत तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग एवं महिला अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम अर्हता अंक 40 प्रतिशत निर्धारित किया गया है। परीक्षा का विस्तृत पाठ्यक्रम राज्य के विश्वविद्यालयों में लागू पुस्तकालय विज्ञान स्नातक डिग्री के अनुसार होगा।

इस परीक्षा के माध्यम से बिहार के सरकारी विद्यालयों में पुस्तकालयाध्यक्षों की भर्ती के लिए पात्र अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। काफी समय से इस परीक्षा का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह एक बड़ा अवसर है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने सभी उम्मीदवारों को अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर ऑनलाइन आवेदन पूरा करने की सलाह दी है।