Bihar Weather: बिहार में फिर गरजेंगे बादल, गिर सकती है बिजली, पटना समेत 38 जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी, अगले 10 दिन तक भयानक खतरा
Bihar Weather:मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक बिहार में मौसम के बेहद खराब बने रहने की चेतावनी जारी की है। प्रदेश के सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।
Bihar Weather: बिहार में मौसम ने ऐसा खौफनाक करवट लिया है कि लोगों को एक तरफ भीषण गर्मी से राहत मिली है, तो दूसरी तरफ आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली ने कई जिलों में तबाही मचा दी है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक बिहार में मौसम के बेहद खराब बने रहने की चेतावनी जारी की है। प्रदेश के सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। 19 जिलों में यलो अलर्ट और 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने साफ कहा है कि 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि मेघगर्जन और वज्रपात का खतरा लगातार बना रहेगा।
पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, पटना, गया और भागलपुर समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश की आशंका जताई गई है। उत्तर बिहार में तेज हवाओं का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है, जबकि दक्षिण बिहार में भी बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम, सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस और बिहार के ऊपर गुजर रही जेट स्ट्रीम की वजह से मौसम पूरी तरह बदला हुआ है। पिछले करीब 15 दिनों से पूर्वा हवाएं लगातार नमी लेकर आ रही हैं, जिसके कारण राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। यही वजह है कि सामान्य से करीब 180 फीसदी ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है।
8 मई को आई तेज आंधी और बारिश ने पटना समेत कई जिलों में भारी नुकसान पहुंचाया। हालात ऐसे बन गए कि एसडीआरएफ और नगर निगम की टीमें दो दिनों तक लगातार राहत और सफाई अभियान चलाती रहीं। कई इलाकों में अब भी तूफान के निशान दिखाई दे रहे हैं।
मौसम विभाग ने 12 और 13 मई को फिर से गरज-चमक, तेज बारिश और ओलावृष्टि की प्रबल संभावना जताई है। हालांकि, इस बदले मौसम की वजह से लोगों को फिलहाल हीट वेव और झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलती रहेगी। अनुमान है कि तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहेगा। विभाग का कहना है कि 20 मई के बाद मौसम धीरे-धीरे सामान्य हो सकता है, लेकिन तब गर्मी फिर लोगों को परेशान कर सकती है।