Bihar Budget 2025 : सदन की कार्यवाही स्थगित, विपक्षी विधायकों के भारी हंंगामे के बाद भड़के अध्यक्ष, शुरु होते ही हुआ खत्म
Bihar Budget 2025 : सदन में विपक्ष ने भारी बवाल काटा। विपक्ष के हंगामे के बाद अध्यक्ष ने विधानसभा की कार्यवाही को 2 बजे तक स्थगित कर दिया है।

Bihar Budget 2025 : बिहार की राजनीति में राष्ट्रगान के अपमान को लेकर घमासान मच गया है। विपक्ष ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर राष्ट्रगान का अपमान करने का आरोप लगाया है। इसी के विरोध में बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने शुक्रवार को अपने MLC सदस्यों के साथ विधान परिषद पोर्टिको में प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले में माफी मांगने की मांग की। साथ ही विधानसभा के बाहर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जोरदार हमला बोला। वहीं सदन में भी विपक्षी नेता जमकर बवाल कर रहे हैं। विपक्षी विधायक वेल में पहुंच कर हंगामा कर रहे थे। इसके बाद अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को 2 बजे तक स्थगित कर दिया है।
क्या है राष्ट्रगान रुकवाने का मामला?
दरअसल, गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में सेपक टाकरा वर्ल्ड कप 2025 का उद्घाटन करने पहुंचे थे। कार्यक्रम में सीएम के मंच पर पहुंचने के बाद राष्ट्रगान बजाया जाना था, लेकिन उन्होंने इसे शुरू होने से पहले ही रुकवा दिया। सीएम ने मंच से इशारे में कहा, "पहले स्टेडियम का चक्कर लगाकर आते हैं, फिर शुरू कीजिएगा।" मुख्यमंत्री का संकेत मिलते ही मंत्री विजय चौधरी ने राष्ट्रगान बंद करा दिया। इसके बाद नीतीश कुमार स्टेडियम का चक्कर लगाने के लिए निकल गए।
लौटकर फिर बजा राष्ट्रगान, लेकिन सीएम अभिवादन में रहे व्यस्त
स्टेडियम का चक्कर लगाने के बाद सीएम वापस मंच पर लौटे और दोबारा राष्ट्रगान बजाया गया। इस दौरान भी नीतीश कुमार हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन करते रहे। प्रधान सचिव दीपक कुमार ने जब यह देखा तो सीएम को सावधान मुद्रा में खड़े होने का इशारा किया, लेकिन मुख्यमंत्री ने इसे नजरअंदाज करते हुए पत्रकारों की ओर देख प्रणाम करना जारी रखा।