Bihar Budget 2025 : विपक्ष के हंगामे के बाद विधान परिषद् की कार्यवाही सोमवार तक स्थगित, सीएम नीतीश के खिलाफ भारी बवाल
Bihar Budget 2025 : विधान परिषद की कार्यवाही सोमवार तक स्थगित हो गई है। विपक्ष के भारी हंगामे के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई है।

Bihar Budget 2025 : बिहार विधान परिषद की कार्यवाही सोमवार दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। शुक्रवार को सदन की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ गई, जिसके कारण पहले इसे दोपहर 2 बजे तक स्थगित किया गया और बाद में सोमवार तक टाल दिया गया। सुबह 11 बजे जैसे ही सत्र की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर विपक्षी दलों ने हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर कार्यवाही को पहले दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दिया गया।
दोबारा कार्यवाही शुरू होते ही राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सदस्य सुनील सिंह ने फिर से मुख्यमंत्री के खिलाफ बोलना शुरू कर दिया, जिसका जवाब जदयू के एमएलसी नीरज कुमार ने दिया। दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस और आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी रहा, जिससे सदन की कार्यवाही बाधित होती रही। विधान परिषद की कार्यवाही स्थगित होने के बाद विपक्षी दलों के नेता मुख्य द्वार पर जुट गए और जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी नेता राबड़ी देवी की अगुवाई में विपक्षी दलों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की।
राबड़ी देवी ने मुख्यमंत्री पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, "नीतीश कुमार ने राष्ट्रगान का अपमान किया है। अगर वह सदन में माफी नहीं मांगते हैं, तो कार्यवाही नहीं चलने दी जाएगी।" उन्होंने यह भी कहा कि संविधान में राष्ट्रगान के अपमान पर सजा का प्रावधान है और मुख्यमंत्री को इसकी सजा मिलनी चाहिए। व अब सभी की नजरें सोमवार को होने वाली कार्यवाही पर टिकी हैं, जहां यह साफ होगा कि इस मुद्दे पर सरकार क्या रुख अपनाती है।
पटना से वंदना की रिपोर्ट