Bihar CM: आज दिल्ली जाएंगे सीएम सम्राट चौधरी, अमित शाह के साथ होगी हाईलेवल मीटिंग

Bihar CM: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज दिल्ली के सियासी गलियारे में अहम मुलाकातों के लिए मौजूद रहेंगे। ...

Bihar CM Samrat Chaudhary to Meet Amit Shah in Delhi Today
आज दिल्ली जाएंगे सीएम सम्राट चौधरी- फोटो : social Media

Bihar CM: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज दिल्ली के सियासी गलियारे में अहम मुलाकातों के लिए मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री बनने के बाद दिल्ली दौरे को लेकर राजनीतिक हलकों में हलचल तेज है। अपने दौरे के दौरान सीएम सम्राट चौधरी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ एक अहम उच्चस्तरीय बैठक में शिरकत करेंगे। यह बैठक जनपथ में प्रस्तावित है।मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे को कई मायनों में अहम माना जा रहा है। बैठक में बिहार से जुड़े महत्वपूर्ण मसलों और राज्य की प्रशासनिक जरूरतों पर चर्चा होने की उम्मीद है। हालांकि बैठक के एजेंडे को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

दिल्ली में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात पर सभी की निगाहें टिकी हैं। दोनों नेताओं के बीच होने वाली इस बैठक में बिहार की कानून-व्यवस्था, विकास योजनाओं और केंद्र-राज्य समन्वय समेत कई मुद्दों पर विचार-विमर्श होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से मुलाकात भी शामिल है। इस दौरान बिहार में जल संसाधन, सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण और पेयजल से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हो सकती है।खासकर बिहार में हर साल आने वाली बाढ़ और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जल शक्ति मंत्रालय के साथ होने वाली मुलाकात को अहम माना जा रहा है। राज्य में जल प्रबंधन और बाढ़ से बचाव के लिए केंद्र से सहयोग समेत विभिन्न परियोजनाओं पर चर्चा की संभावना है।

सीएम सम्राट चौधरी का यह दिल्ली दौरा ऐसे वक्त हो रहा है, जब बिहार में सरकार और प्रशासन के सामने विकास के साथ-साथ बाढ़, कानून-व्यवस्था और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई चुनौतियां हैं। ऐसे में केंद्रीय मंत्रियों के साथ होने वाली बैठकों को राज्य के हितों को लेकर अहम कड़ी माना जा रहा है।

फिलहाल मुख्यमंत्री का दिल्ली दौरा सियासी और प्रशासनिक दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि अमित शाह और सीआर पाटिल के साथ मुलाकात में बिहार के लिए कौन से अहम फैसलों और योजनाओं पर सहमति बनती है।

दिल्ली से धीरज कुमार की रिपोर्ट