Bihar Politics: बिहार कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, बड़े नेता ने थामा JDU का हाथ, सियासी हलचल तेज

Bihar Politics: बिहार की सियासत में दल-बदल का दौर तेज हो गया है। एक ओर पूर्व विधान पार्षद डॉ. अजय कुमार सिंह ने जदयू का दामन थाम लिया, तो वहीं दूसरी ओर जन सुराज पार्टी के कई नेताओं ने कांग्रेस में शामिल होकर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।

कांग्रेस को झटका
जदयू में शामिल हुए बड़े नेता - फोटो : social media

Bihar Politics:  बिहार की राजनीति में इन दिनों बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। एक ओर जहां दो दशकों के बाद सीएम नीतीश मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने जा रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर कई नेताओं का दल-बदल का दौर भी जारी है। इसी कड़ी में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। रविवार को पूर्व विधान पार्षद डॉ. अजय कुमार सिंह ने जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का दामन थामा लिया। दूसरी ओर जनसुराज में भी भगदड़ की स्थिति देखने को मिल रही है कई नेता जनसुराज छोड़ रहे हैं उनमें से कुछ ने कांग्रेस का भी हाथ थामा है। 

डॉ. अजय कुमार सिंह जदयू में शामिल

दरअसल, जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने डॉ. अजय कुमार सिंह को औपचारिक रूप से सदस्यता दिलाई। इस मौके पर डॉ. अजय ने कहा कि वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी और कल्याणकारी नीतियों से प्रभावित होकर जदयू में शामिल हुए हैं।

भोजपुर-बक्सर क्षेत्र में मिलेगी मजबूती

प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि डॉ. अजय के पार्टी में आने से भोजपुर-बक्सर क्षेत्र में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके लंबे सामाजिक और राजनीतिक अनुभव का लाभ पार्टी को मिलेगा और ‘न्याय के साथ विकास’ की नीति को और बल मिलेगा। कार्यक्रम में विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, राष्ट्रीय महासचिव भगवान सिंह कुशवाहा, विधायक दुलाल चंद गोस्वामी, अनिल कुमार और वासुदेव कुशवाहा सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जन सुराज के नेता कांग्रेस में शामिल

वहीं, प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक अन्य मिलन समारोह में जन सुराज पार्टी के कई नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने सभी को पार्टी की सदस्यता दिलाई। राजेश राम ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि इन नए और अनुभवी नेताओं के जुड़ने से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी और पार्टी की विचारधारा को व्यापक समर्थन मिलेगा। कांग्रेस में शामिल होने वालों में गोविंद आनंद, अमित आनंद, अभिराज सिंह, प्रशांत अभिषेक, शायक आलम और प्रोफेसर चंद्रिमा सिंह प्रमुख हैं।