Bihar DELED Exam: बिहार DELED प्रवेश परीक्षा की तारीख आई सामने, इस दिन होगा एग्जाम, ये अभ्यर्थी नहीं होंगे पात्र

Bihar DELED Exam: बिहार DELED प्रवेश परीक्षा की तारीख सामने आ गई है। जनवरी में प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन लिया गया था। परीक्षा का आयोजन अप्रैल लास्ट या मई के पहले सप्ताह में होगा।

Bihar DELED Entrance Exam
बिहार डीएलएड एंट्रेंस एग्जाम - फोटो : social media

Bihar DELED Exam: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने डीएलएड एंट्रेंस एग्जाम 2026 को लेकर बड़ी जानकारी दी है। परीक्षा का आयोजन अप्रैल के अंतिम सप्ताह या मई के पहले सप्ताह में किया जाएगा, जबकि नया सत्र जुलाई से शुरू होगा। समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि इस वर्ष डीएलएड प्रवेश परीक्षा के लिए 3,08,560 आवेदन प्राप्त हुए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 9 जनवरी थी।

अप्रैल-मई में होगी प्रवेश परीक्षा 

जानकारी अनुसार परीक्षा ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षा की तिथि अप्रैल में जारी की जाएगी। राज्यभर के 306 डीएलएड कॉलेजों में कुल 30,800 सीटों पर नामांकन होगा। प्रवेश प्रक्रिया के तहत प्रथम, द्वितीय और तृतीय मेरिट लिस्ट, चॉइस लॉकिंग, सीट आवंटन और स्लाइड-अप की प्रक्रिया जून के मध्य से शुरू होकर जून के अंत तक पूरी कर ली जाएगी।

306 कॉलेजों में मिलेगा नामांकन 

आरक्षण व्यवस्था के तहत कुल सीटों का 50 प्रतिशत विज्ञान और 50 प्रतिशत कला एवं वाणिज्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित किया गया है। वहीं उर्दू विषय के अभ्यर्थियों के लिए 10 प्रतिशत सीटें आरक्षित रहेंगी, जिसका लाभ उन्हीं छात्रों को मिलेगा जिन्होंने इंटर में उर्दू विषय के साथ परीक्षा पास की हो।

इनको मिलेगा 5 प्रतिशत आरक्षण 

इसके अलावा, दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 5 प्रतिशत और बिहार के सेवारत, सेवानिवृत्त या दिवंगत सैनिकों के आश्रितों को भी 5 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जाएगा। परीक्षा की अवधि ढाई घंटे की होगी, जिसमें कुल 120 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें सामान्य हिंदी/उर्दू, गणित, विज्ञान, सामाजिक अध्ययन, अंग्रेजी और तार्किक क्षमता से जुड़े सवाल शामिल होंगे। 

ये अभ्यर्थी नहीं होंगे पात्र 

समिति ने स्पष्ट किया है कि पॉलिटेक्निक, आईटीआई या शास्त्री योग्यता वाले अभ्यर्थी डीएलएड में नामांकन के पात्र नहीं होंगे। हालांकि, इंटर के तहत वोकेशनल कोर्स करने वाले छात्र आवेदन कर सकते हैं।