Bihar Digital Mitra Yojana 2026:बिहार में 'डिजिटल मित्र' केंद्रों के लिए आवेदन 6 अक्टूबर से शुरू,KYP संचालकों को मिलेगा मौका,ऐसे करें आवेदन

बिहार सरकार के 'सात निश्चय-3' के तहत कुशल युवा कार्यक्रम (डिजिटल मित्र) का संचालन शुरू हो रहा है। 6 अक्टूबर 2026 से बिहार कौशल विकास मिशन के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। पढ़ें पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी।

Bihar Government Scheme Digital Mitra Online Apply
बिहार में डिजिटल मित्र केंद्र कैसे खोलें?जाने और ऐसे करें आवेदन - फोटो : news 4 nation AI

बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग ने 'सात निश्चय-3' के निश्चय '1' "दोगुना रोजगार-दोगुना आय" के तहत 'कुशल युवा कार्यक्रम (डिजिटल मित्र)' के संचालन को हरी झंडी दे दी है। मंत्रिपरिषद द्वारा 12 अगस्त 2026 को मिली स्वीकृति के उपरांत बिहार कौशल विकास मिशन ने इस संबंध में स्वीकृति आदेश जारी कर दिया है। इसके तहत 'सात निश्चय-2' की अवधि समाप्त होने के समय कार्यरत 871 कुशल युवा कार्यक्रम के संचालकों को बिहार वित्त (संशोधित) नियमावली-2024 के अंतर्गत नामांकन के आधार पर केंद्र संचालन की मंजूरी दी गई है। 


दो चरणों में आवंटित किए जाएंगे नए डिजिटल मित्र केंद्र

विभाग की योजना के अनुसार केंद्रों का आवंटन दो चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण में 'सात निश्चय-2' के समय कार्यरत सभी 871 संचालकों को एक-एक कुशल युवा कार्यक्रम (डिजिटल मित्र) केंद्र आवंटित किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में वैसे संचालकों को पुनः एक-एक अतिरिक्त केंद्र आवंटित किया जाएगा, जो पहले दो या दो से अधिक केंद्रों का सफल संचालन कर रहे थे। इस प्रक्रिया से पुराने व अनुभवी संचालकों को प्राथमिकता मिलेगी।  


6 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया

प्रथम चरण के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की जाएगी। इच्छुक व पात्र संचालक 6 अक्टूबर 2026 से बिहार कौशल विकास मिशन के आधिकारिक पोर्टल ([https://www.biharskilldevelopmentmission.in](https://www.biharskilldevelopmentmission.in)) पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए विशेष लिंक ([https://www.biharskilldevelopmentmission.in/#/digitalmitra](https://www.biharskilldevelopmentmission.in/#/digitalmitra)) भी सक्रिय किया जाएगा, जहां जाकर संचालक अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। 


मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत होगा आवंटन

इस पूरी योजना का क्रियान्वयन बिहार कौशल विकास मिशन के शासी निकाय द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (Standard Operating Procedure - SOP) के अनुरूप किया जा रहा है। इसके जरिए राज्य भर में युवाओं को कौशल विकास और डिजिटल साक्षरता से जोड़कर उनकी आय और रोजगार के अवसरों को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। यह पहल राज्य में डिजिटल कनेक्टिविटी और कौशल विकास को नए आयाम देगी।   


हेल्पलाइन नंबर और विस्तृत जानकारी उपलब्ध

आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी तमाम विस्तृत दिशा-निर्देश और सूचनाएं बिहार कौशल विकास मिशन के पोर्टल पर अपलोड कर दी गई हैं। यदि किसी संचालक या आवेदक को फॉर्म भरने या प्रक्रिया से संबंधित कोई समस्या या सवाल हो, तो वे सहायता के लिए विभाग द्वारा जारी टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 18002965656 पर संपर्क कर सकते हैं।  

पटना से पुष्कर प्रवीण की रिपोर्ट